ताज़ा-ख़बर

कलयुगी पिता ने 6 महीने के मासूम को फर्श पर पटका, इलाज के दौरान मौत

रिपोर्ट: Anuj sinha1 घंटे पहलेझारखण्ड

हजारीबाग के कटकमसांडी में घरेलू कलह की खौफनाक कीमत

 कलयुगी पिता ने 6 महीने के मासूम को फर्श पर पटका, इलाज के दौरान मौत

हजारीबाग जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र के लुपुंग गांव से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। मामूली पारिवारिक विवाद में गुस्से से अंधे हो चुके एक पिता ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए अपने ही 6 महीने के दुधमुंहे मासूम बेटे को फर्श पर पटककर मार डाला। इस वीभत्स घटना के बाद से पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है और हर कोई स्तब्ध है।

क्या है पूरा मामला पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, यह खौफनाक वारदात 25 अगस्त 2026 को सुबह करीब 8 बजे की है। मृत मासूम की माँ, निराली कुमारी (पत्नी आकाश कुमार) ने पुलिस को बताया कि उस सुबह घर में किसी बात को लेकर उनकी सास कांति देवी उनके साथ गाली-गलौज कर रही थीं। इसी घरेलू कलह के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में बेकाबू होकर बच्चे के पिता आकाश कुमार ने बेड पर सो रहे 6 महीने के मासूम बेटे अंश कुमार को उठाया। इसके बाद उसने बेरहमी से बच्चे को घर के अंदर फर्श पर जोर से पटक दिया। इस अमानवीय कृत्य से मासूम का शरीर बुरी तरह लहूलुहान और अधमरा हो गया। अस्पताल ले जाने से किया इनकार, रास्ते में तोड़ा दम घटना के बाद बेबस माँ ने अपने पति से बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाने की गिड़गिड़ाई, लेकिन आरोपी पिता ने इलाज करवाने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद माँ रोते-बिलखते हुए सड़क पर पहुँची और एक अज्ञात राहगीर की मदद से अपने घायल लाल को लेकर सदर अस्पताल, हजारीबाग पहुँची। शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चे की नाज़ुक हालत को देखते हुए उसे रांची रिम्स रेफर कर दिया। लेकिन रिम्स पहुँचने से पहले ही रास्ते में मासूम अंश कुमार ने दम तोड़ दिया। रिम्स पहुँचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई और ग्रामीणों में आक्रोश घटना की सूचना मिलते ही कटकमसांडी थाना की पुलिस तुरंत हरकत में आई। मृत बच्चे की माँ के आवेदन पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की गहराई से छानबीन शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और माँ का रो-रोकर बुरा हाल है। इस अमानवीय घटना से स्थानीय ग्रामीणों में भारी गुस्सा है। लोगों ने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी पिता के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है ताकि समाज में ऐसा दरिंदगी भरा कदम उठाने वाले को कठोर संदेश मिल सके।

इन्हें भी पढ़ें.