एवरेस्ट बेस कैंप में भारी बर्फबारी, सात विदेशी पर्यटक सुरक्षित निकाले गए
खराब मौसम के बीच इम्जा छे यानी आइलैंड पीक क्षेत्र में फंसे सात विदेशी पर्यटकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है।

काठमांडू। नेपाल के सोलुखुम्बु जिले के खुम्बु क्षेत्र में लगातार बारिश के बाद ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है। माउंट एवरेस्ट बेस कैंप और आसपास के क्षेत्रों में बर्फ की मोटी परत जमने से पर्वतारोहण और ट्रेकिंग गतिविधियों पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है। खराब मौसम के बीच इम्जा छे यानी आइलैंड पीक क्षेत्र में फंसे सात विदेशी पर्यटकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है।
सोलुखुम्बु के प्रमुख जिला अधिकारी कमानसिंह थापा मगर ने बताया कि खुम्बु के ऊपरी इलाकों में लगातार भारी बर्फबारी हो रही है। कई स्थानों पर आधा मीटर से अधिक बर्फ जमा होने की सूचना है। इससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पर्यटकों और पर्वतारोहियों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
भारी बर्फबारी के कारण इम्जा छे क्षेत्र में सात विदेशी पर्यटक फंस गए थे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, लोगों और पुलिस के समन्वय से खराब मौसम और कठिन रास्तों के बीच बचाव अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर पर्यटकों और ट्रेकर्स को जोखिम वाले ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर आगे बढ़ने से रोक दिया है। ऊपरी इलाकों में अतिरिक्त पर्यटकों और ट्रेकर्स के प्रवेश पर भी रोक लगाने के लिए स्थानीय निकायों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।
इम्जा छे, जिसे आइलैंड पीक के नाम से भी जाना जाता है, सगरमाथा राष्ट्रीय उद्यान के खुम्बु क्षेत्र में स्थित प्रमुख पर्वतारोहण स्थलों में से एक है। इसकी ऊंचाई समुद्र तल से करीब 6,165 मीटर है।
फिलहाल एवरेस्ट बेस कैंप क्षेत्र में 1,200 से अधिक पर्यटक मौजूद हैं। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियां उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं। प्रशासन ने पर्यटकों और पर्वतारोहियों से मौसम की स्थिति को देखते हुए जोखिम वाले क्षेत्रों में आगे नहीं बढ़ने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।