"शिक्षा की मदद बनी मुसीबत" : तिसरी में अलख पांडे के साइकल वितरण में हंगामा, चाभी एक को-साइकल दूसरे को
गिरिडीह के तिसरी प्रखंड में मुफ्त साइकिल वितरण के दौरान अव्यवस्था, छीना-झपटी के बीच कई चयनित छात्र वंचित रह गए

गिरिडीह: जिले के तिसरी प्रखंड के ग्रामीण बच्चों को राहत पहुंचने के लिए फिजिक्स वल्लाह के संस्थापक अलख पांडे का साइकल वितरण कार्यक्रम हंगामे की भेंट चढ़ गया। मामला तिसरी प्रखंड के सिंघो पंचायत स्थित धोवापाट गांव के परगहीया का है। यहां सरकारी स्कूल के 70 छात्रों के लिए मुफ्त साइकल वितरण रखा गया था। अलख पांडे ने 10 बच्चों को चाभी सौंपी ही थी कि भीड़ में हो-हल्ला शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ते देख अलख सर वहां से निकल गए। इसके बाद साइकल की छीना-झपटी होने लगी। आरोप है कि कुछ लोग मनमाने तरीके से साइकल उठा ले गए।
ग्रामीणों का कहना है कि लिस्ट में 100 गरीब छात्र थे, लेकिन साइकल सिर्फ 70 आई। आरती कुमारी, संगीता कुमारी, चंचल कुमारी और कैलाश यादव सहित 35 चयनित बच्चों को सिर्फ चाभी मिली, साइकल नहीं। इधर आयोजक मुन्ना राणा ने बताया कि 132 छात्रों की लिस्ट बनी थी। विवाद के कारण कई योग्य बच्चे वंचित रह गए। मामले को लेकर अलख पाण्डेय की से सम्पर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन सम्पर्क नहीं हो सका।