गिरिडीह में नाबार्ड की जिला स्तरीय पैक्स कार्यशाला, 45वां स्थापना दिवस पर रहा धूमधाम
पीरटांड़ में 10 हजार हेक्टेयर में सिंचाई और 5 आधुनिक गोदाम बनेंगे

गिरिडीह : राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक नाबार्ड के 45वें स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को झारखंड राज्य सहकारी बैंक के सभागार में जिला स्तरीय पैक्स कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला मे बतौर मुख्य अतिथि अश्विनी कुमार ओझा, जिला सहकारिता पदाधिकारी, गिरिडीह समेत डब्लू कुमार साव, सहायक निबंधक, सहकारिता समितियाँ हरिहरन सी. वी., जिला विकास प्रबंधक, नाबार्ड सहित सहकारिता विभाग, झारखंड राज्य सहकारी बैंक एवं नाबार्ड के अधिकारी उपस्थित थे।
इस कार्यशाला का उद्देश्य सहकारिता मंत्रालय और नाबार्ड की योजनाओं से पैक्स प्रतिनिधियों को जोड़कर सहकारी आंदोलन को मजबूत करना था। कार्यक्रम का उद्घाटन 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष के रूप में मनाए जाने के तहत पिरटांड़ मिलेट एफपीओ की प्रगतिशील महिला कृषक नीतू देवी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। यह एफपीओ नाबार्ड के सहयोग से रुद्र फाउंडेशन द्वारा संचालित है। इस कार्यशाला मे बतौर मुख्य अतिथि अश्विनी कुमार ओझा ने नाबार्ड के ग्रामीण विकास में योगदान की सराहना की। जिला विकास प्रबंधक हरिहरन सी. वी. ने बताया कि जिले में 50 हजार लीटर क्षमता का डेयरी प्रसंस्करण संयंत्र लगाया जा रहा है। वहीं पीरटांड़ मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना से पीरटांड़ के 165 गांवों की 10,158 हेक्टेयर जमीन को सिंचाई मिलेगी, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी।
नाबार्ड के राकेश कुमार ने पैक्स कम्प्यूटरीकरण सॉफ्टवेयर की जानकारी दी। जिले की 192 पैक्स का कम्प्यूटरीकरण चल रहा है। साथ ही विश्व की सबसे बड़ी अनाज भंडारण योजना के तहत जिले में 2,500 मीट्रिक टन क्षमता के 5 वैज्ञानिक गोदाम बनेंगे। इससे फसल भंडारण और पैक्स की आय बढ़ेगी।कार्यशाला में 60 पैक्स प्रतिनिधियों ने भाग लिया।