ताज़ा-ख़बर

तेज रफ्तार बनी काल: बाइक अनियंत्रित होकर पिलर से टकराई, किशोर की मौत

रिपोर्ट: VBN News Desk9 घंटे पहलेझारखण्ड

इकलौते बेटे के निधन से टूटा परिवार, गांव में पसरा मातम और शोक की लहर

तेज रफ्तार बनी काल: बाइक अनियंत्रित होकर पिलर से टकराई, किशोर की मौत

रिपोर्ट : अजय कुमार

बड़कागांव : थाना क्षेत्र के तलसवार पंचायत अंतर्गत कोयलंग निमियांटोला निवासी 14 वर्षीय दीपक मिर्धा की सड़क दुर्घटना में मौत हो जाने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है जबकि गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मनु तुरी के इकलौते पुत्र दीपक मिर्धा शनिवार की शाम करीब पांच बजे बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान उरीमारी मुख्य मार्ग पर पसेरिया गांव के समीप उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पिलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीपक के माथे में गंभीर चोट लग गई। बाइक पर उसके साथ सवार एक अन्य युवक भी घायल हो गया जिसके पैर में चोटें आईं। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और प्रशासन को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम ने दोनों घायलों को भुरकुंडा अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दीपक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रिम्स (रांची) रेफर कर दिया। रिम्स में इलाज के दौरान दीपक ने दम तोड़ दिया। वहीं दूसरे घायल युवक के पैर और पेट में गंभीर चोटें होने के कारण उसका इलाज जारी है। दीपक के निधन के बाद रिम्स में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। बताया जाता है कि दीपक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उससे बड़ी तीन बहनों का विवाह हो चुका है। ऐसे में बेटे की असमय मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। वृद्ध माता-पिता के लिए यह दुख असहनीय बन गया है। परिजनों का कहना है कि अब उनके बुढ़ापे का सहारा छिन गया है। इस हृदयविदारक घटना पर तलसवार पंचायत की मुखिया गीता देवी, पंचायत समिति सदस्य मेघा कुमारी, पूर्व मुखिया शुक्ला तुरी, पूर्व पंचायत समिति सदस्य केदार महतो, मुखिया प्रतिनिधि संजय महतो, मिथलेश साव, बोलबम साव सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। ग्रामीणों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है। दीपक की असामयिक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक और दुख का माहौल है।

इन्हें भी पढ़ें.