पलामू में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, लूना सवार तीन किशोरों की दर्दनाक मौत
पाटन थाना क्षेत्र में हादसे के बाद मचा कोहराम, आरोपी चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

पलामू : जिले के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत गहर पथरा मोड़ के समीप गुरुवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में तीन किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (जेएच03पी-0019) ने एक लूना में जोरदार टक्कर मार दी जिससे मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई। मृतकों की पहचान सोले गांव निवासी फरोज अंसारी उर्फ बुटन (11), तोहिद अंसारी (15) और इब्राहिज अंसारी (13) के रूप में हुई है। तीनों किशोर एक ही लूना पर सवार होकर बाजार से अपने गांव लौट रहे थे तभी यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए एमएमसीएच ले जाया गया जहां फरोज और तोहिद को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल इब्राहिज को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया लेकिन कुछ देर बाद उसने भी दम तोड़ दिया। घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक और उसमें सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। बताया जाता है कि मृतकों में इब्राहिज और फरोज आपस में रिश्तेदार थे जबकि तोहिद उनका पड़ोसी था। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर पारा लीगल वॉलंटियर अस्पताल पहुंचकर परिजनों से मिले और सरकारी मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।