चित्रगुप्त भवन में होली मिलन समारोह का आयोजन, शिव चर्चा और सांस्कृतिक कार्यक्रम से गूंजा गम्हरिया
चित्रांश समाज ने अबीर-गुलाल से मनाया होली मिलन, नवनिर्वाचित पार्षद शुभम पाण्डेय का हुआ सम्मान

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित चित्रगुप्तनगर में चित्रांश समाज की ओर से होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। चित्रगुप्त महासमिति गम्हरिया द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम चित्रगुप्त भवन में संपन्न हुआ जिसमें समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह की अध्यक्षता समिति के उपाध्यक्ष केएम श्रीवास्तव ने की। कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर में आयोजित शिव चर्चा से हुई। इस दौरान स्थानीय शिवशिष्यों ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए कथा प्रस्तुत की तथा भक्ति गीतों और शिव भजनों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। उपस्थित श्रद्धालु पूरे श्रद्धा भाव से शिव कथा का श्रवण करते रहे। इसके बाद संध्या समय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें स्थानीय कलाकारों को आमंत्रित किया गया था। कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम के दौरान चित्रांश समाज के लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द व भाईचारे का संदेश दिया। इस अवसर पर वार्ड चार के नवनिर्वाचित पार्षद शुभम पाण्डेय को चित्रगुप्त महासमिति की ओर से पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समिति के सदस्यों ने उन्हें जनसेवा के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों ने पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के महामंत्री संजय कुमार वर्मा, कोषाध्यक्ष अभय लाभ, सह-कोषाध्यक्ष महेंद्र कुमार कर्ण, प्रभाष चंद्र श्रीवास्तव, अमित कुमार वर्मा, महेश श्रीवास्तव, मुकेश श्रीवास्तव, सुभाष चंद्र दास सहित महिला समिति की रागिनी सहाय, मधु वर्मा, साधना श्रीवास्तव, अनिता देवी, ललिता देवी और ज्योति माला का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस मौके पर कांड्रा, गम्हरिया और आदित्यपुर क्षेत्र से बड़ी संख्या में चित्रांश समाज के महिला-पुरुष और बच्चे उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में सामाजिक एकता, संस्कृति और पारंपरिक मूल्यों की झलक देखने को मिली।