लातेहार के मोंगर मोड़ पर भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे; दो युवक गंभीर
सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची किया गया रेफर

लातेहार: लातेहार सदर थाना क्षेत्र के मोंगर मोड़ के समीप शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि करीब एक बजे स्कॉर्पियो और एलपीटी ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि वाहन में सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान पलामू जिले के हैदरनगर निवासी राहुल कुमार (24 वर्ष) और मुकेश दुबे (32 वर्ष) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक स्कॉर्पियो से रांची की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोंगर मोड़ के समीप विपरीत दिशा से डालटनगंज की ओर आ रहे एलपीटी ट्रक ने उनकी स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही लातेहार थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और घायलों को इलाज के लिए लातेहार सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।
इस संबंध में थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान ने बताया कि सड़क हादसे के मामले की जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।