ताज़ा-ख़बर

गम्हरिया सीएचसी में मानवता शर्मसार, 25 घंटे तक बेसुध पड़ी रही महिला, चिकित्सा पदाधिकारी की लापरवाही पर भड़के लोग

रिपोर्ट: MANISH 8 घंटे पहलेझारखण्ड

स्थानीयों का आरोप - दो पदों की जिम्मेदारी संभालने वाली चिकित्सा पदाधिकारी लगातार कर रही हैं कर्तव्य की अनदेखी

गम्हरिया सीएचसी में मानवता शर्मसार, 25 घंटे तक बेसुध पड़ी रही महिला, चिकित्सा पदाधिकारी की लापरवाही पर भड़के लोग

गम्हरिया : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में एक अज्ञात महिला करीब 25 घंटे तक बेसुध पड़ी रही लेकिन अस्पताल प्रशासन और चिकित्सा पदाधिकारी की लापरवाही के कारण उसे समय पर इलाज नहीं मिल सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला को शुक्रवार दोपहर गम्हरिया थाना पुलिस द्वारा ऑटो से अस्पताल लाया गया था पर चिकित्सकों ने यह कहकर बाहर लिटा दिया कि उसने अत्यधिक शराब पी रखी है। शनिवार सुबह तक महिला उसी स्थिति में पड़ी रही। जब मामला स्थानीय लोगों के विरोध और शिकायत के बाद सिविल सर्जन तक पहुंचा तब जाकर लगभग 25 घंटे बाद चिकित्सा पदाधिकारी ने अपने निजी वाहन से महिला को एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजवाया। स्थानीय लोगों ने इसे अमानवीय व्यवहार बताते हुए कहा कि बार-बार लापरवाही के बावजूद चिकित्सा पदाधिकारी पर कोई कार्रवाई नहीं होती। बताया गया कि संबंधित अधिकारी गम्हरिया सीएचसी और आदित्यपुर शहरी स्वास्थ्य केंद्र दोनों जगहों के प्रभार में हैं और अक्सर अपने कर्तव्य से बचती रही हैं। लोगों ने मांग की है कि इस घटना की जांच कर दोषी चिकित्सा पदाधिकारी पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

इन्हें भी पढ़ें.