जीवन के अंतिम श्वास तक करता रहूंगा जनहित के कार्य : केएन त्रिपाठी
पूर्व मंत्री ने रुद्राक्ष का पौधा लगाकर व केक काटकर मनाया अपना 55वां जन्मदिन, हजारों कार्यकर्ताओं ने दी बधाई

मेदिनीनगर (पलामू) : झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने गुरुवार को अपना 55वां जन्मदिन सादगी के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने अपने आवासीय परिसर में रुद्राक्ष का पौधा लगाया और केक काटा। सुबह से ही उनके आवास पर समर्थकों, कार्यकर्ताओं, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, सांस्कृतिक संगठनों से जुड़े लोगों व प्रबुद्ध नागरिकों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। सभी ने उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए स्वस्थ, दीर्घायु व उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बधाई देने पहुंचे लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए केएन त्रिपाठी ने कहा कि भगवान ने प्रत्येक जीव को किसी न किसी उद्देश्य से धरती पर भेजा है। उन्हें भी ईश्वर से जनहित के कार्य करने की जिम्मेदारी मिली है। जिस उद्देश्य व भाव से भगवान ने उन्हें धरती पर भेजा है, उसमें न उत्साह की कमी आएगी और न ही कार्य व लक्ष्य में कोई कमी होगी। जीवन के अंतिम श्वास तक जनहित के कार्यों के लिए समर्पित रहूंगा। उन्होंने कहा कि अल्पकालीन मंत्री के कार्यकाल में डालटनगंज विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे झारखंड में विकास की लंबी लकीर खींचने का प्रयास किया। कहा कि वर्तमान में वे विधायक नहीं हैं, इसके बावजूद समाज के सभी वर्गों के लोगों की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं और आगे भी जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहेंगे।
जन्मदिन के अवसर पर केडी सिंह, इंटक के प्रदेश सचिव विवेका त्रिपाठी, जीशान खान, मो. सहरयार, मुकेश सिंह, रंजन दुबे, कौशल दुबे, बबलू दुबे, रामप्रवेश सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता-कार्यकर्ता एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के लोग मौजूद थे।
2 अक्टूबर को होगा नए कॉन्फ्रेंस हॉल का उद्घाटन : त्रिपाठी
मेदिनीनगर : पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी के आवासीय परिसर के सामने निर्माणाधीन कॉन्फ्रेंस हॉल का उद्घाटन दो अक्टूबर को किया जाएगा। जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि शुरुआत में साधारण तरीके से कॉन्फ्रेंस हॉल बनाने की योजना थी। कांग्रेसी नेता जीशान खान के सुझाव पर हॉल को बेहतर तरीके से डेकोरेट कराया जा रहा है। जीशान खान अपने स्तर हॉल को डेकोरेट कराने का कार्य कर रहे हैं। वहीं दिलीप गुप्ता ने बाहर बड़े शेड के निर्माण की जिम्मेदारी ली है। दोनों कार्य प्रगति पर है। बताया कि दो अक्टूबर को प्रेस कांफ्रेंस के साथ कॉन्फ्रेंस हॉल का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद नेताओं व कार्यकर्ताओं की बैठकें यहां आयोजित होंगी। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में पार्टी के नेता व समर्थक एक ही स्थान पर बैठकर संगठन व भविष्य की रणनीति पर चर्चा कर सकेंगे।