ताज़ा-ख़बर

चतरा में किडनैप युवक बिहार से सकुशल बरामद: कुख्यात दो अपराधी गिरफ्तार

रिपोर्ट: VBN News Desk9 घंटे पहलेझारखण्ड

गिरफ्तार अभियुक्तों में महुदा, ईटखोरी निवासी 47 वर्षीय कैलाश डांगी और पतलुका, धनगाई (बिहार) निवासी 23 वर्षीय मनोज कुमार शामिल हैं।

चतरा में किडनैप युवक बिहार से सकुशल बरामद: कुख्यात दो अपराधी गिरफ्तार

By Md shaban

चतरा: जिले की सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण की वारदात का बड़ा खुलासा किया है। 13 सितंबर को सदर थाना क्षेत्र के नगवाँ निवासी तिलक यादव का अज्ञात अपराधियों ने अपहरण कर लिया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी शाखा की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को बिहार के धनगाई थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार अभियुक्तों में महुदा, ईटखोरी निवासी 47 वर्षीय कैलाश डांगी और पतलुका, धनगाई (बिहार) निवासी 23 वर्षीय मनोज कुमार शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल (JH13K-8511) और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। आरोपी कैलाश दांगी के खिलाफ अपहरण, लूटपाट, हत्या और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम जैसे कई संगीन मामलों में अलग-अलग थानों में मामले दर्ज हैं। वहीं मनोज कुमार पूर्व में अवैध शराब तस्करी के आरोप में जेल जा चुका है। इस सफल अभियान में सदर थाना प्रभारी अनिल उराँव, ईटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह, मयूरहंड थाना प्रभारी राहुल दुबे और पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल थे। पुलिस फिलहाल घटना में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

इन्हें भी पढ़ें.