इच्छापुर का ग्वालपाड़ा मैदान बना तालाब, जलजमाव से खेलकूद ठप
जाम नाली से बढ़ी परेशानी, युवा नेता बाबू तांती ने उठाई समाधान की मांग

आदित्यपुर : नगर निगम के वार्ड संख्या 27/28 अंतर्गत इच्छापुर स्थित ग्वालपाड़ा मैदान इन दिनों जलजमाव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। मैदान पूरी तरह पानी से भर जाने के कारण बच्चों और युवाओं की खेल गतिविधियां ठप हो गई हैं वहीं स्थानीय लोगों को शारीरिक व्यायाम और दैनिक उपयोग में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार मैदान में पानी जमा होने का मुख्य कारण आसपास की नालियों का जाम होना है। लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं होने के कारण बारिश और गंदा पानी मैदान में भर गया है। इससे क्षेत्र में गंदगी और मच्छरों का खतरा भी बढ़ने लगा है। इस समस्या को लेकर युवा नेता एवं समाजसेवी विशेष कुमार उर्फ बाबू तांती ने आवाज उठाई है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से अविलंब नालियों की सफाई कर मैदान से जलनिकासी सुनिश्चित करने की मांग की है। बाबू तांती ने कहा कि यह मैदान क्षेत्र के बच्चों और युवाओं के लिए खेल एवं स्वास्थ्य गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है लेकिन प्रशासनिक लापरवाही के कारण इसकी स्थिति बदहाल हो गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय लोगों के साथ आंदोलन किया जाएगा। क्षेत्रवासियों ने भी नगर निगम से त्वरित कार्रवाई कर मैदान को उपयोग योग्य बनाने की मांग की है।