ताज़ा-ख़बर

पश्चिमी सिंहभूम में IED ब्लास्ट : झारखंड जगुआर के कांस्टेबल सुनील धान शहीद, एक कोबरा जवान घायल

रिपोर्ट: VBN News Desk6 दिन पहलेझारखण्ड

झारखंड में नक्सलियों की साजिश फिर बेनकाब, एक महीने में दो जवान शहीद

पश्चिमी सिंहभूम में IED ब्लास्ट : झारखंड जगुआर के कांस्टेबल सुनील धान शहीद, एक कोबरा जवान घायल

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक बार फिर नक्सलियों की कायराना हरकत सामने आई है। शनिवार को हुए आइईडी विस्फोट में झारखंड जगुआर के कांस्टेबल सुनील धान शहीद हो गए जबकि कोबरा बटालियन का एक जवान विष्णु सैनी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया था लेकिन इलाज के दौरान कांस्टेबल सुनील धान ने वीरगति को प्राप्त कर लिया। यह विस्फोट छोटानागरा और जराईकेला थाना क्षेत्र की सीमा से सटे जंगलों में हुआ जब कोबरा 203 बटालियन और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम सघन नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने पहले से ज़मीन में छिपाकर रखे गए आइईडी से हमला किया और बाद में सुरक्षाबलों पर फायरिंग भी की। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की और अब भी इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। शहीद कांस्टेबल सुनील धान खूंटी जिले के रहने वाले थे और नक्सल विरोधी अभियानों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। यह हमला झारखंड पुलिस और केंद्रीय बलों के लिए एक बड़ा झटका है खासकर तब जब नक्सलियों के खिलाफ लगातार दबाव बनाया जा रहा है। एक महीने में दूसरा बड़ा हमला गौरतलब है कि चाईबासा में 22 मार्च 2025 को भी एक आइईडी ब्लास्ट में सीआरपीएफ के सब इंस्पेक्टर सुनील मंडल शहीद हुए थे। अब एक बार फिर इस हमले ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। एसपी आशुतोष शेखर ने जानकारी दी कि भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछू, असीम मंडल, अजय महतो, जयकांत, रापा मुंडा सहित कई नक्सली दस्ता सदस्य सारंडा-कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन्हें घेरने के लिए चाईबासा पुलिस, कोबरा 203, 209, झारखंड जगुआर, और सीआरपीएफ की 26, 60, 134, 174, 193, 197 बटालियन की संयुक्त टीम गठित कर लगातार सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। झारखंड के मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक और अन्य वरीय अधिकारियों ने शहीद जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की है और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

इन्हें भी पढ़ें.