रांची में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के आवास पर दावत-ए-इफ्तार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी रमजान की मुबारकबाद
भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश, इफ्तार कार्यक्रम में मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों की उपस्थिति

रांची : स्मार्ट सिटी परिसर में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के आवास पर आयोजित दावत-ए-इफ्तार कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में प्रदेश के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि तथा सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इफ्तार कार्यक्रम के दौरान सभी ने रमजान के पवित्र महीने में आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और राज्य की तरक्की के लिए दुआ की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उपस्थित लोगों को रमजान की मुबारकबाद देते हुए कहा कि यह पवित्र महीना प्रेम, सहिष्णुता और सामाजिक एकता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी सद्भाव को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। इस अवसर पर झारखंड प्रदेश मोमिन कॉन्फ्रेंस तथा झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी माइनॉरिटी डिपार्टमेंट के प्रदेश महासचिव अर्शदुल कादरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि इफ्तार के दौरान मुख्यमंत्री, मंत्रियों और अन्य नेताओं के साथ राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा भी हुई। अर्शदुल कादरी ने कहा कि बातचीत के दौरान राज्य के विकास, सामाजिक सौहार्द और अल्पसंख्यक समुदाय के हितों को लेकर सार्थक संवाद हुआ। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह के संवाद से समाज में विश्वास और सहयोग की भावना मजबूत होगी। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के आवास पर आयोजित इस इफ्तार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र के लोग शामिल हुए। सभी ने मिलकर राज्य में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ की तथा रमजान के संदेश को समाज तक पहुंचाने का संकल्प लिया।