योगदा सत्संग महाविद्यालय में त्रि-दिवसीय कॉलेज फ़ेस्ट का शुभारंभ
वसंत और विज्ञान के संगम का महाकुंभ: V-Fusion 2026

रांची: योगदा सत्संग महाविद्यालय के बहुउद्देशीय भवन में टीम पहचान एवं द डेवेलूपर्स के संयुक्त तत्वावधान में त्रि-दिवसीय V-Fusion कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि शासी निकाय के उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल ज्ञान भूषण ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर स्वामी श्री श्री परमहंस योगानन्द की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप-प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई। छात्रा सौम्या ने स्वागत वक्तव्य देते हुए उपस्थित गणमान्यों का स्वागत किया। प्रो. इंचार्ज प्रगति बख्शी ने श्रीमद्भागवत गीता के एक श्लोक के माध्यम से वसंत और विज्ञान के संदर्भ में अपनी बातें रखीं।
शासी निकाय के उपाध्यक्ष ने कहा कि तकनीकी युग में अपनी संस्कृति, सभ्यता का तकनीकी उपकरणों से सामंजस्य बना कर इसे संरक्षित रखने एवं विकास पथ पर बढ़ाने की आवश्यकता है। इसके बाद विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया और विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए प्रारूपों का निरीक्षण किया गया।
इस अवसर पर "कौशल के युग में डिग्रियों की प्रासंगिकता" विषय पर अंतरमहाविद्यालय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में शासी निकाय के सचिव अश्विनी कुमार सक्सेना, शासी निकाय के सह सचिव कर्नल हिमांशु शेखर, इंटरमीडिएट के सचिव अरविन्द कटियार, डॉ. वेद पारेक, डॉ. अंजना वर्मा, डॉ. मनोज शेखर, डॉ. रविंद्र कुमार आदि उपस्थित थे।