अनगड़ा में अवैध हथियार फैक्टरी का भंडाफोड़, 19 बने और 4 अर्धनिर्मित हथियार जब्त
घर के शौचालय के नीचे छिपा था हथियारों का जखीरा, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

रांची : अनगड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार निर्माण के एक संगठित ठिकाने का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने सीताडीह गांव से नारायण लोहरा नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है जिसके पास से 19 पीस देशी निर्मित अवैध हथियार, चार अर्धनिर्मित हथियार तथा हथियार बनाने में प्रयुक्त अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। ग्रामीण एसपी प्रवीन पुष्कर ने शनिवार को बताया कि एसएसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि अनगड़ा थाना क्षेत्र के सीताडीह गांव में एक व्यक्ति अपने घर के भीतर अवैध हथियार फैक्टरी संचालित कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ठिकाने पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस उस समय हैरान रह गई जब पता चला कि आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए हथियारों को घर के पीछे बने शौचालय के नीचे छिपा रखा था। सघन तलाशी के बाद हथियारों का जखीरा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इन देसी हथियारों को अपराधियों और असामाजिक तत्वों को 10 से 15 हजार रुपये में बेचता था। पुलिस अब इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और खरीदारों की तलाश में जुट गई है।