नीमडीह में अवैध शराब भट्टी ध्वस्त, 400 किलो जावा महुआ नष्ट
बड़ेदा गांव में महुआ शराब की भट्टी ध्वस्त, अवैध कारोबारियों पर होगी कार्रवाई

नीमडीह : होली त्योहार के मद्देनज़र सरायकेला-खरसावां पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार नीमडीह थाना क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत नीमडीह थाना पुलिस ने ग्राम बड़ेदा के किनारे स्थित एक अवैध महुआ शराब भट्टी को ध्वस्त किया। पुलिस ने मौके पर 400 किलोग्राम जावा महुआ को भी नष्ट कर दिया। पुलिस ने बताया कि भट्टी संचालक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य होली के दौरान अवैध शराब के व्यापार और इससे जुड़ी गैरकानूनी गतिविधियों को रोकना है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि त्योहार के दौरान शांतिपूर्ण माहौल बना रहे और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।