ताज़ा-ख़बर

कामता नदी किनारे फिर पकड़ा गया अवैध महुआ शराब कारोबार, पुलिस ने 5 भट्टियां की ध्वस्त

रिपोर्ट: VBN News Desk2 घंटे पहलेझारखण्ड

एक सप्ताह बाद दोबारा सक्रिय हुआ अवैध धंधा, ग्रामीणों ने स्थानीय निगरानी पर उठाए सवाल

कामता नदी किनारे फिर पकड़ा गया अवैध महुआ शराब कारोबार, पुलिस ने 5 भट्टियां की ध्वस्त

रामगढ़ : गोला थाना क्षेत्र के कामता गांव स्थित नदी किनारे अवैध महुआ शराब निर्माण के खिलाफ पुलिस ने मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक रामगढ़ के निर्देश पर चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान में पुलिस टीम ने पांच अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त कर दिया। साथ ही मौके से करीब 400 किलो जावा महुआ बरामद कर उसे नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप का माहौल देखा गया। पुलिस के अनुसार अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इसी क्रम में कामता नदी किनारे अवैध रूप से महुआ शराब बनाए जाने की सूचना मिलने पर छापेमारी की गई। अभियान के दौरान शराब निर्माण में उपयोग किए जा रहे उपकरणों को भी नष्ट किया गया। हालांकि मौके से किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हो सकी है। इधर स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इसी स्थान पर लगभग एक सप्ताह पूर्व भी पुलिस द्वारा छापेमारी कर कई अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त किया गया था। बावजूद इसके इतने कम समय में दोबारा अवैध शराब निर्माण शुरू हो जाना स्थानीय प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि यदि लगातार कार्रवाई के बाद भी अवैध कारोबार दोबारा सक्रिय हो जाता है तो कहीं न कहीं स्थानीय स्तर पर सख्ती और नियमित निगरानी की कमी दिखाई देती है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जब तक जिला स्तर से विशेष निर्देश नहीं आता तब तक स्थानीय स्तर पर प्रभावी अभियान देखने को नहीं मिलता। लोगों का कहना है कि अवैध शराब कारोबार गांवों के सामाजिक माहौल को खराब कर रहा है और इससे युवाओं पर भी बुरा प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में केवल छापेमारी ही नहीं बल्कि लगातार निगरानी और स्थायी कार्रवाई की आवश्यकता है। हालांकि पुलिस प्रशासन का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब निर्माण और कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि अवैध शराब निर्माण या बिक्री की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

रामगढ़ से दिलीप करमाली की रिपोर्ट

इन्हें भी पढ़ें.