ताज़ा-ख़बर

गिरिडीह पुलिस केंद्र में आधुनिक ‘ओपन जिम’ का उद्घाटन, जवानों की फिटनेस पर विशेष जोर

रिपोर्ट: VBN News Desk2 घंटे पहलेझारखण्ड

तनावमुक्त और स्वस्थ पुलिसिंग की दिशा में पहल, उपायुक्त और एसपी ने किया ओपन जिम का शुभारंभ

गिरिडीह पुलिस केंद्र में आधुनिक ‘ओपन जिम’ का उद्घाटन, जवानों की फिटनेस पर विशेष जोर

गिरिडीह : पुलिस कर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ एवं फिट बनाए रखने के उद्देश्य से गिरिडीह पुलिस केंद्र परिसर में मंगलवार को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ‘ओपन जिम’ का उद्घाटन किया गया। उपायुक्त रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इस जिम का शुभारंभ किया। पुलिस केंद्र परिसर में बनाए गए इस ओपन जिम में लेग प्रेस, एयर वॉकर, सिट-अप बेंच, पुल-अप बार सहित कई आधुनिक फिटनेस उपकरण लगाए गए हैं। इसका उद्देश्य दिन-रात ड्यूटी करने वाले पुलिस जवानों को तनावमुक्त वातावरण में नियमित व्यायाम और स्वास्थ्य लाभ की सुविधा उपलब्ध कराना है। अब पुलिसकर्मी सुबह और शाम यहां व्यायाम कर अपनी शारीरिक क्षमता को बेहतर बना सकेंगे। उद्घाटन समारोह के दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि पुलिसकर्मी लगातार कठिन परिस्थितियों में जनता की सेवा करते हैं। ऐसे में शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक संतुलन बनाए रखना भी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह ओपन जिम जवानों को तनाव कम करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में मदद करेगा। वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने कहा कि स्वस्थ और फिट पुलिसकर्मी ही बेहतर पुलिसिंग कर सकते हैं। नियमित व्यायाम से न केवल कार्यक्षमता बढ़ती है बल्कि मानसिक मजबूती भी मिलती है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की कार्यशैली को और प्रभावी बनाने के लिए जवानों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय प्रथम एवं द्वितीय, पुलिस उपाधीक्षक जिला नियंत्रण कक्ष, नगर थाना प्रभारी, पचंबा थाना प्रभारी, परिचारी प्रवर, परिचारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। पुलिस केंद्र में ओपन जिम की शुरुआत को पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य और कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

इन्हें भी पढ़ें.