खबर का असर: बिरहोर परिवारों का हाल जानने पहुंचे अधिकारी
द्वारी के बाजारटांड़ स्कूल भवन में शरण लिए बिरहोर परिवारों की स्थिति का लिया जायजा, डुमरिया की जर्जर कॉलोनी का भी किया निरीक्षण

Aamir Suhail
गिद्धौर (चतरा): प्रखंड अंतर्गत द्वारी स्थित बाजारटांड़ स्कूल भवन में शरण लिए बिरहोर परिवारों की बदहाल स्थिति को लेकर प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला। खबर प्रकाशित होने के बाद बुधवार को प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अभिषेक कुमार दास एवं पंचायत सचिव खुशबू लता बिरहोर परिवारों का हाल जानने पहुंचे। अधिकारियों ने बिरहोर परिवारों से मुलाकात कर उनकी वर्तमान स्थिति, रहने की समस्या एवं अन्य परेशानियों की जानकारी ली।
बिरहोर परिवारों ने अधिकारियों को बताया कि वे करीब 30 वर्ष पूर्व डुमरिया में रह रहे थे। इसके बाद रहने की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण वे इधर-उधर घूमकर जीवन गुजारने को मजबूर हैं। वर्तमान में कई बिरहोर परिवार द्वारी के बाजारटांड़ स्थित स्कूल भवन में शरण लिए हुए हैं। बिरहोर परिवारों की स्थिति की जानकारी लेने के बाद प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अभिषेक कुमार दास डुमरिया पहुंचे और वहां स्थित बिरहोर कॉलोनी का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि डुमरिया में बिरहोर परिवारों के लिए करीब आठ कॉलोनियां बनाई गई थीं, लेकिन इनमें कई कॉलोनियां पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी हैं। वहीं बची हुई कॉलोनियों की स्थिति भी काफी जर्जर है और वहां बिरहोर परिवारों के रहने के लिए उचित व्यवस्था नहीं है।
अधिकारी ने बिरहोर परिवारों से आधार कार्ड, राशन कार्ड समेत अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा, ताकि उनकी स्थिति एवं सरकारी योजनाओं से मिलने वाले लाभ की जानकारी जुटाई जा सके। उन्होंने बताया कि डुमरिया स्थित बिरहोर परिवारों की जमीन पर किसी ग्रामीण द्वारा कब्जा किए जाने की बात सामने नहीं आई है। ग्रामीणों ने भी बिरहोर परिवारों को रहने में हरसंभव सहयोग करने की बात कही है। प्रखंड कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि बिरहोर परिवारों की भौतिक स्थिति समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी करने के बाद इसकी रिपोर्ट प्रखंड विकास पदाधिकारी को सौंपी जाएगी। अधिकारियों के पहुंचने से बिरहोर परिवारों में अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है।