खाना खाने को लेकर विवाद में पिता ने कुदाल से वार कर बेटे की कर दी हत्या
दुमका के सिलठा गांव में वारदात, मृतक के माता-पिता हिरासत में

दुमका : हंसडीहा थाना क्षेत्र के सिलठा गांव में गुरुवार को घरेलू विवाद के दौरान 25 वर्षीय युवक महेश मांझी की हत्या कर दी गई। आरोप है कि खाना खाने को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद उसके पिता गोवर्धन मांझी ने कुदाल से सिर पर वार कर दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की मां फूलो देवी के अनुसार घर में खाना खाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। उन्होंने बेटे महेश को खाना निकालकर दिया लेकिन उसने खाना फेंक दिया। इसके बाद महेश अपनी मां के साथ मारपीट करने लगा। बताया गया कि बेटे को मां के साथ मारपीट करते देख पिता गोवर्धन मांझी गुस्से में आ गए। आरोप है कि उन्होंने घर में रखी कुदाल से महेश के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद हंसडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया। पुलिस ने मृतक के पिता गोवर्धन मांझी और मां फूलो देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हंसडीहा थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।