झारखंड के पलामू में दिल दहला देने वाली वारदात, 15 डकैतों ने शिक्षक दंपती को बंधक बनाकर 4 घंटे तक मचाया कोहराम
बेखौफ अपराधियों ने हथियार के बल पर लूट, पिटाई और दंपती से बनवाया खाना, पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

पलामू : झारखंड के पलामू जिले में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। दरनगर थाना क्षेत्र के कुकही गांव के मुगलजान टोला में लगभग 15 की संख्या में आए हथियारबंद डकैतों ने शिक्षक मृत्युंजय मेहता और उनकी पत्नी पारा शिक्षिका अनिता देवी के घर धावा बोल दिया। डकैतों ने दंपती को बंधक बनाकर करीब चार घंटे तक उत्पात मचाया और घर में रखी नकदी, सोने-चांदी के आभूषण तथा कीमती सामान लूट लिए। जानकारी के अनुसार लगभग 11 बजे रात को दंपती सो चुके थे। मृत्युंजय मेहता शौच के लिए उठे तो छत पर संदिग्ध आवाज सुनाई दी। वे नीचे लौटे ही थे कि हथियारबंद डकैतों से आमना-सामना हो गया। देखते ही देखते चार और डकैत घर में घुस आए जबकि बाकी बाहर पहरा देते रहे। पिस्तौल, चाकू और लोहे की रॉड से लैस अपराधियों ने दंपती को बेरहमी से पीटा और धमकाते हुए ताबड़तोड़ लूटपाट शुरू कर दी। डकैतों की निर्भीकता का आलम यह था कि उन्होंने दंपती को खाने तक बनाने के लिए मजबूर किया। पूरी वारदात रात 11 बजे से तड़के 3 बजे तक जारी रही। जाते-जाते गिरोह ने दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की जानकारी पाकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल दंपती को हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अफजल अंसारी पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एस. मो. याकूब ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने पुलिस की लापरवाही को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि चार घंटे तक डकैतों का बेखौफ घूमना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल देता है। उन्होंने मांग की है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए।