गम्हरिया में किडविले इंटरनेशनल प्ले स्कूल के बच्चों ने छठ व्रतियों के बीच बांटी पूजन सामग्री
251 सूप में छठ प्रसाद और पूजा सामग्री का वितरण, बच्चों ने दिया लोक आस्था के महापर्व का संदेश

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत सतबोहनी धिराजगंज स्थित किडविले इंटरनेशनल प्ले स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने छठ पर्व के अवसर पर शुक्रवार को सराहनीय पहल की। स्कूल के बच्चों ने छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री और फल का वितरण किया। इस दौरान बच्चों ने स्वयं आगे बढ़कर वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। स्कूल के यूकेजी के छात्र शिवाय अक्षय ने बताया कि सभी बच्चों ने मिलकर छठ व्रतियों के बीच सूप में केला, गन्ना, ग्रेपफ्रूट यानी गागर नींबू सहित विभिन्न प्रकार के फल वितरित किए। इसके साथ ही सिंदूर और अगरबत्ती समेत छठ पूजा में उपयोग होने वाली अन्य सामग्री भी दी गई। किडविले इंटरनेशनल प्ले स्कूल की प्रबंध निदेशक पायल अक्षय ने बताया कि स्कूल की ओर से प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी बच्चों के माध्यम से छठ पूजा की सामग्री का वितरण किया गया। इस बार कुल 251 सूप में छठी मइया को अर्पित किए जाने वाले प्रसाद और पूजन सामग्री रखकर व्रतियों के बीच बांटी गई। उन्होंने बताया कि स्कूल के निदेशक पंकज अक्षय के निर्देश पर स्कूल प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं और सभी कर्मचारियों ने इस पहल में बच्चों का सहयोग किया। सभी ने मिलकर पूजन सामग्री तैयार करने और उसके वितरण में बच्चों की मदद की। इस आयोजन के माध्यम से बच्चों को छठ पर्व की परंपरा और धार्मिक-सांस्कृतिक महत्व से परिचित कराने का प्रयास किया गया। छोटी उम्र में बच्चों की इस पहल के जरिए पर्व से जुड़ी सामूहिक भागीदारी और परंपराओं के प्रति जुड़ाव भी देखने को मिला। किडविले इंटरनेशनल प्ले स्कूल की ओर से 251 सूप में छठ पूजा की सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में स्कूल के बच्चों, प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों ने भाग लिया।