ताज़ा-ख़बर

पेशरार और सेन्हा में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल

रिपोर्ट: VBN News Desk22 घंटे पहलेझारखण्ड

स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ करीब 60 महिलाओं को प्रशिक्षण देने की योजना

पेशरार और सेन्हा में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल

लोहरदगा। जनजातीय बहुल और सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में आरोग्य फाउंडेशन ऑफ इंडिया ने पहल शुरू की है। इसी क्रम में फाउंडेशन के राष्ट्रीय प्रमुख एवं मार्गदर्शक डॉ. मुकुल भाटिया लोहरदगा पहुंचे। जिला सचिव सुनील अग्रवाल के प्रतिष्ठान में फाउंडेशन की जिला समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ बैठक हुई।

बैठक में डॉ. मुकुल भाटिया ने कहा कि भंडरा और चट्टी संच में जिला समिति द्वारा बेहतर कार्य किया जा रहा है। अब जिले के अन्य प्रखंडों में भी संस्था की गतिविधियों का विस्तार करने की योजना है। इसके तहत दो नए संच गठित कर करीब 60 महिलाओं को प्रशिक्षण देकर स्वास्थ्य सेवा और स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होने के साथ प्रशिक्षित महिलाओं को मानदेय और रोजगार का अवसर मिल सकेगा।

फाउंडेशन के संयोजक ने प्रस्ताव का स्वागत करते हुए नए संच के लिए पेशरार और सेन्हा प्रखंड का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इन दोनों प्रखंडों के कई क्षेत्र सुदूरवर्ती और पहाड़ी हैं, जहां स्वास्थ्य सेवाओं के साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों की भी आवश्यकता है। शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और स्वावलंबन से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से इन क्षेत्रों के विकास को गति दी जा सकती है।

जिला अध्यक्ष डॉ. कुमुद अग्रवाल ने कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने ऐसे क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए संस्था की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

जिला सचिव सुनील अग्रवाल ने प्रशिक्षित सेविकाओं द्वारा तैयार की जा रही आयुर्वेदिक दवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जंगल और वन क्षेत्रों से मिलने वाले उपयोगी उत्पादों की बेहतर पैकेजिंग और मार्केटिंग के माध्यम से ग्रामीणों के लिए आय के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं।

बैठक में संरक्षक नवल अग्रवाल और राजीव रंजन ने भी विचार रखे तथा अतिथियों का स्वागत किया। पेशरार और सेन्हा में संस्था की गतिविधियों के विस्तार, आयुर्वेदिक उत्पादों की उपलब्धता तथा ग्रामीण स्वरोजगार से जुड़े कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।

मौके पर रिम्स में सेवा दे रहे डॉ. राजीव राज, आरोग्य फाउंडेशन के प्रमोद अग्रवाल, प्रदीप साहू, प्रेम किशोर प्रजापति, नवीन सोनी, कपिल देव मिश्रा, रोहित साहू सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़ें.