इनरव्हील क्लब ने डॉक्टरों और सीए का किया सम्मान
डॉक्टर्स डे और सीए डे पर समाज व राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वालों का हुआ अभिनंदन

रांची। इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष बबली पाटोदी के नेतृत्व में क्लब द्वारा बुधवार को डॉक्टर्स डे एवं सीए डे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाज और राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चिकित्सकों एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. संतोष शिवनानी, रानु लाल खत्री, खुशाल खत्री तथा कमल मूंदड़ा को नेम प्लेट भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं चार्टर्ड अकाउंटेंट ओमप्रकाश बाठिया, पवन गर्ग और अभिषेक को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।
क्लब की सचिव चित्रा श्रीमाली ने कहा कि चिकित्सक मानव जीवन के सच्चे रक्षक हैं और उनकी सेवाएं समाज के लिए अमूल्य हैं। क्लब की चार्टर प्रेसिडेंट रजनी शिवनानी ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ वातावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उमा मूंदड़ा, नैना सालेचा, सुमित्रा खत्री, सरिता अग्रवाल, राजकुमारी खत्री, खुशबू ढेलरिया, रंजना खरे और मंजू जैन सहित क्लब की सदस्याएं उपस्थित रहीं। अंत में सभी ने डॉक्टरों एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।