योगदा सत्संग कॉलेज में जीएसटी पर अंतर-विभागीय वाद-विवाद प्रतियोगिता, 25 विद्यार्थियों ने लिया भाग
प्रतियोगिता में जीएसटी के प्रभाव और व्यापार को सरल बनाने की दिशा में इसके योगदान पर गहरी चर्चा की गई।

रांची – योगदा सत्संग महाविद्यालय, रांची के वाणिज्य संकाय अंतर्गत सिनर्जी क्लब द्वारा शनिवार को “जीएसटी ने कर प्रणाली को सरल बनाया है तथा व्यापार करने की सुगमता में सुधार किया है” विषय पर एक अंतर-विभागीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों से 25 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम दो प्रतिस्पर्धी चरणों में संपन्न हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने विषय के पक्ष और विपक्ष में तार्किक, तथ्यपरक तर्कों का आदान-प्रदान किया। प्रतियोगिता में जीएसटी के प्रभाव और व्यापार को सरल बनाने की दिशा में इसके योगदान पर गहरी चर्चा की गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं निर्णायक के रूप में महाविद्यालय की प्रधानाचार्या प्रो. प्रगति बख्शी उपस्थित रहीं। उनके साथ डॉ. मृणाल गौरव विभागीय निर्णायक के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. रवीन्द्र कुमार, विभाग के शिक्षकगण सिमरन कौर, मयूरी गौर, लवनीष गौतम, दिवाकर कुमार और सिनर्जी क्लब के सभी पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
प्रतियोगिता में करुणा कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अनुराग कुमार द्वितीय स्थान पर रहे। तृतीय स्थान प्रज्ञा कुमारी और अंशिका कुमारी को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया।
यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों के वक्तृत्व कौशल, आत्मविश्वास और विषय की गहरी समझ का उत्कृष्ट प्रदर्शन रही। अंत में, सभी प्रतिभागियों और आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों की सराहना करते हुए कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया।