ताज़ा-ख़बर

चक्रवात के असर से बड़कागांव में रुक-रुककर बारिश, किसान चिंतित, जनजीवन प्रभावित

रिपोर्ट: VBN News Desk9 मिनट पहलेझारखण्ड

मजदूरों की मजदूरी पर पड़ा असर, बाजार में सब्जी कारोबार प्रभावित, खेतों में काटकर रखे धान को लेकर किसानों की बढ़ी चिंता

चक्रवात के असर से बड़कागांव में रुक-रुककर बारिश, किसान चिंतित, जनजीवन प्रभावित

बड़कागांव : चक्रवात के प्रभाव से बड़कागांव प्रखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है। शुक्रवार से ही आसमान में बादल छाए रहे जबकि शनिवार को अहले सुबह से दिनभर रुक-रुककर रिमझिम बारिश होती रही। बारिश और खराब मौसम का असर आम जनजीवन के साथ-साथ किसानों, मजदूरों और सब्जी कारोबारियों पर भी देखने को मिला। बारिश के कारण दैनिक मजदूरी करने वाले कई मजदूर काम पर नहीं जा सके और उन्हें घर में ही बैठना पड़ा। इससे उनकी रोजाना की कमाई प्रभावित हुई। वहीं बाजार में साग-सब्जी बेचने वाले दुकानदारों को भी नुकसान उठाना पड़ा। बारिश के कारण बाजार में सब्जी खरीदने वालों की संख्या कम रही जिससे कारोबार प्रभावित हुआ। दूसरी ओर खेतों में धान की कटाई कर फसल छोड़ चुके किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों को आशंका है कि लगातार रुक-रुककर बारिश होने से कटी हुई धान की बालियां खराब हो सकती हैं। किसान प्रवीण कुमार ने बताया कि खेतों में काटकर रखे धान के खराब होने की आशंका है। हालांकि अब तक हुई बारिश से सरसों और अन्य साग-सब्जी की फसलों को फायदा पहुंचा है। उन्होंने कहा कि यदि बारिश अधिक होती है तो सब्जी की फसलों को नुकसान भी हो सकता है। चक्रवात के प्रभाव से तापमान में गिरावट आई है, जिससे क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 23 नवंबर, सोमवार को मौसम साफ होने का अनुमान जताया गया है। फिलहाल किसान और आम लोग मौसम में सुधार का इंतजार कर रहे हैं।

इन्हें भी पढ़ें.