झारखंड के अंतर्राष्ट्रीय कलाकार प्रभात कुमार महतो जापान के वर्ल्ड एक्सपो में करेंगे छऊ और पाइका नृत्य का प्रदर्शन
प्रभात महतो ने कहा यह मेरे लिए गौरव की बात है कि मैं झारखंड की सांस्कृतिक धरोहर को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने जा रहा हूं।

ईचागढ़ : झारखंड की लोकसंस्कृति को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने हेतु अंतर्राष्ट्रीय छऊ एवं पाइका नृत्य कलाकार प्रभात कुमार महतो जापान के ओसाका में आयोजित वर्ल्ड एक्सपो में भाग लेने के लिए रवाना हो गए हैं। वे मंगलवार को रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान द्वारा नई दिल्ली के लिए प्रस्थान किए। प्रभात कुमार महतो ने जानकारी दी कि 8 से 10 अप्रैल तक नई दिल्ली में रिहर्सल के बाद 10 अप्रैल की शाम को भारत के 25 सदस्यीय सांस्कृतिक दल के साथ जापान के लिए रवाना होंगे। यह दल 11 अप्रैल को ओसाका पहुंचेगा और 12 से 19 अप्रैल तक आयोजित वर्ल्ड एक्सपो में विश्वभर से आए दर्शकों के समक्ष सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देगा। गौरतलब है कि भारत सरकार के संगीत नाटक अकादमी द्वारा चयनित इस दल में झारखंड से एकमात्र प्रतिनिधि के रूप में प्रभात कुमार महतो को आमंत्रित किया गया है। सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत चोगा गांव निवासी महतो पूर्व में ताइवान, भूटान और हांगकांग जैसे देशों में भी अपनी नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। विदेश रवाना होने से पूर्व रांची एयरपोर्ट पर पद्मश्री मधु मंसूरी हंसमुख, झारखंड लोक कलाकार संघ की उपाध्यक्ष एवं कुड़ुख लोक कलाकार अनीता उरांव और नागपुरी के वरिष्ठ कलाकार सुनील कुमार महतो ने प्रभात कुमार महतो को फूल माला पहनाकर एवं शुभकामनाएं देकर विदाई दी। प्रभात महतो ने कहा यह मेरे लिए गौरव की बात है कि मैं झारखंड की सांस्कृतिक धरोहर को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने जा रहा हूं। मेरी कोशिश रहेगी कि छऊ और पाइका नृत्य की परंपरा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूती से स्थापित कर सकूं।