डिप्टी मेयर चुनाव से पहले मंदारमनी कनेक्शन पर सियासी बवाल, पार्षदों की भूमिका पर उठे गंभीर सवाल
जनता का भरोसा या राजनीतिक सौदेबाजी? हॉर्स ट्रेडिंग की चर्चा से आदित्यपुर नगर निगम की साख पर संकट

आदित्यपुर : नगर निगम में डिप्टी मेयर चुनाव से पहले कथित हॉर्स ट्रेडिंग की चर्चाओं ने स्थानीय राजनीति में हलचल मचा दी है। मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आए मंदारमनी कनेक्शन ने कई पार्षदों की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं और जनता के बीच जनप्रतिनिधियों की विश्वसनीयता को लेकर बहस तेज हो गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार मंदारमणि में कुछ पार्षदों के एकत्र होने की सूचना मिलने के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस द्वारा संभावित छापेमारी की तैयारी की गई थी। हालांकि बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद लोग वहां से निकल गए। इस पूरे घटनाक्रम को डिप्टी मेयर चुनाव से पहले संभावित राजनीतिक जोड़-तोड़ और हॉर्स ट्रेडिंग से जोड़कर देखा जा रहा है। मीडिया में जिन पार्षदों के नाम चर्चा में आए हैं उनमें बनमाली दास, शुभम पांडे, उत्तरा प्रधान, मोतीलाल बिसोई, रिंकी करुआ, रिंकू राय, राजरानी महतो, वेदना गोप, संगीता सामड़ और अर्चना सिंह के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि इस संबंध में किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सूत्रों का यह भी दावा है कि पूरे घटनाक्रम में चंपई सोरेन के करीबी माने जाने वाले परमेश्वर प्रधान पार्षदों के समन्वय में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। यदि इस समूह का उम्मीदवार डिप्टी मेयर नहीं बन पाता है तो इसे चंपई सोरेन की राजनीतिक प्रतिष्ठा से भी जोड़कर देखा जा रहा है। इस पूरे मामले ने स्थानीय जनता के बीच एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या जनता के वोट से चुने गए प्रतिनिधि वास्तव में जनता के सम्मान और भरोसे के प्रति जवाबदेह हैं या फिर सत्ता के समीकरण में राजनीतिक सौदेबाजी का हिस्सा बनते जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जनता अपने प्रतिनिधियों को विकास और जनसमस्याओं की आवाज उठाने के लिए चुनती है लेकिन यदि वे खुद ही राजनीतिक जोड़-तोड़ के आरोपों में घिर जाएं तो लोकतंत्र की साख पर आंच आती है। गौरतलब है कि डिप्टी मेयर बनने के लिए कम से कम 18 पार्षदों का समर्थन जरूरी है। यदि दो से अधिक प्रत्याशी मैदान में उतरते हैं तो समीकरण और जटिल हो सकते हैं। फिलहाल पूरे नगर निगम क्षेत्र की नजर आगामी डिप्टी मेयर चुनाव पर टिकी हुई है।