J.K.S.J.M. इंटर कॉलेज आदारडीह का रिजल्ट ऑनलाइन नहीं होने से हड़कंप, अधर में लटका छात्रों का भविष्य
टेक्निकल इश्यू से बढ़ी विद्यार्थियों की चिंता, जैक बोर्ड से जल्द समाधान की मांग

चांडिल : अनुमंडल अंतर्गत नीमडीह प्रखंड स्थित जे.के.एस.जे.एम. इंटर कॉलेज आदारडीह के इंटरमीडिएट विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम ऑनलाइन जारी नहीं होने से छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में भारी चिंता का माहौल है। जैक बोर्ड द्वारा अन्य विद्यालयों के रिजल्ट जारी किए जाने के बावजूद इस कॉलेज के तीनों संकाय (आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स) के छात्रों का परिणाम पोर्टल पर उपलब्ध नहीं होने से असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है। रिजल्ट जारी नहीं होने से खासकर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थी मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। कई छात्रों ने बताया कि वे आगे के नामांकन, प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर की तैयारी को लेकर परेशान हैं। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों के भविष्य से जुड़ा यह मामला बेहद गंभीर है और जल्द समाधान होना चाहिए। इस मुद्दे को लेकर विस्थापित अधिकार मंच फाउंडेशन के अध्यक्ष राकेश रंजन ने कॉलेज प्राचार्य से दूरभाष पर बातचीत की। प्राचार्य ने जानकारी दी कि वे जैक बोर्ड, रांची जाकर अधिकारियों से मिलकर लौटे हैं। उनके अनुसार रिजल्ट जारी नहीं होने का कारण तकनीकी समस्या है और सोमवार शाम तक परिणाम जारी होने की संभावना है। हालांकि राकेश रंजन ने इस पूरे मामले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य जैसे संवेदनशील विषय पर टेक्निकल इश्यू का हवाला देना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कॉलेज के अधिकांश विद्यार्थी गरीब और ग्रामीण पृष्ठभूमि से आते हैं ऐसे में रिजल्ट में देरी उनके भविष्य और मानसिक स्थिति पर प्रतिकूल असर डाल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय पर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे स्वयं कॉलेज पहुंचकर प्राचार्य से पूरे मामले की जानकारी लेंगे और आवश्यकता पड़ने पर रांची जाकर जैक बोर्ड अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। राकेश रंजन ने जैक बोर्ड से मांग की है कि मामले में तत्काल स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक की जाए और विद्यार्थियों का परिणाम जल्द जारी कर उनकी चिंता दूर की जाए।