ताज़ा-ख़बर

रामगढ़ में अवैध बालू परिवहन पर खनन विभाग की कार्रवाई, 200 सीएफटी बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त

रिपोर्ट: VBN News Desk18 घंटे पहलेझारखण्ड

डीसी ऋतुराज के निर्देश पर समाहरणालय के पास चला जांच अभियान, वैध चालान नहीं दिखाने पर जब्त हुए दो ट्रैक्टर

रामगढ़ में अवैध बालू परिवहन पर खनन विभाग की कार्रवाई, 200 सीएफटी बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त

रामगढ़ : जिले में अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर मंगलवार को समाहरणालय के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना वैध चालान के बालू परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। दोनों ट्रैक्टरों पर करीब 200 घनफुट (सीएफटी) बालू लदा हुआ था। खान निरीक्षक बिनोद बिहारी प्रमाणिक के नेतृत्व में खनन विभाग की टीम ने समाहरणालय के पास खनिज लदे वाहनों की जांच की। इसी क्रम में बालू से लदे दो लाल रंग के ट्रैक्टरों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में एक ट्रैक्टर पर लगभग 100 सीएफटी और दूसरे ट्रैक्टर पर भी करीब 100 सीएफटी बालू पाया गया।

वैध चालान नहीं दिखा सके चालक

जांच के दौरान दोनों ट्रैक्टरों के चालकों से बालू परिवहन से संबंधित वैध चालान और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया। हालांकि, चालक वैध चालान नहीं दिखा सके। इसके बाद खान निरीक्षक ने नियमानुसार दोनों ट्रैक्टरों को बालू सहित जब्त कर रामगढ़ थाना पुलिस को सौंप दिया।

अवैध परिवहन पर जारी रहेगी कार्रवाई

उपायुक्त ऋतुराज ने जिले में अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन पर रोक लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। खनन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन, बालू के गैरकानूनी उठाव और बिना वैध दस्तावेज के खनिज परिवहन के विरुद्ध जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

इन्हें भी पढ़ें.