ताज़ा-ख़बर

दीपक लख्खा और स्नेहा सिंह की भक्ति प्रस्तुतियों पर झूम उठा जमशेदपुर, एग्रिको में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

रिपोर्ट: VBN News Desk17 घंटे पहलेझारखण्ड

हर हर महादेव के जयकारों से गूंजा ट्रांसपोर्ट मैदान, 25 हजार श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाभंडारे का प्रसाद

दीपक लख्खा और स्नेहा सिंह की भक्ति प्रस्तुतियों पर झूम उठा जमशेदपुर, एग्रिको में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

जमशेदपुर : श्रावण माह की दूसरी सोमवारी पर जमशेदपुर में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री नीलकंठ महादेव संघ की ओर से एग्रिको स्थित ट्रांसपोर्ट मैदान में आयोजित दसवीं भव्य भजन संध्या एवं महाभंडारा में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। प्रसिद्ध भजन गायकों दीपक लख्खा, राजू सिंह अनुरागी और स्नेहा सिंह की भक्तिपूर्ण प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को शिवमय कर दिया। देर रात तक श्रद्धालु भजनों पर झूमते रहे और लगातार हर हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। भजन संध्या की शुरुआत राजू सिंह अनुरागी ने गणेश वंदना से की। इसके बाद उन्होंने बम बम बोल रहा है काशी और जो राम का नहीं वो किसी काम का नही जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं में भक्ति का संचार किया। उनके बाद मंच पर पहुंचीं स्नेहा सिंह ने जय भवानी, हर हर महादेव, जय श्री महाकाल के उद्घोष से माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। स्नेहा सिंह ने हमरी लेलो खबरिया, गौरां के संवारिया, डमरू वाले बाबा तुमको आना होगा, डम डम डमरू बजाना होगा और आदि शक्ति नमो नमः जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुतियों के दौरान श्रद्धालु देर रात तक झूमते नजर आए। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण चंडीगढ़ से पहुंचे भजन गायक दीपक लख्खा रहे। आयोजकों के अनुसार जूनियर लख्खा के नाम से चर्चित दीपक लख्खा ने अपनी आवाज और प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को प्रभावित किया। उन्होंने श्री राम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में और जय शम्भू जय जय शम्भू से शुरुआत करते हुए लगातार महादेव के भजनों की प्रस्तुति दी। उनकी आवाज और अंदाज ने श्रद्धालुओं को खासा आकर्षित किया और पूरा मैदान भक्ति में झूम उठा। भजन संध्या के दौरान 8 फीट की बाबा बर्फानी की भव्य प्रतिमा तथा त्रिशूल पकड़े शिव की विशाल आकृति भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। आयोजन स्थल पर तैयार की गई इन आकृतियों ने धार्मिक वातावरण को और भव्य बना दिया। मंच का संचालन विशाल म्यूजिक के संयोजक विशाल सिंह ने किया। कार्यक्रम के साथ करीब 25 हजार श्रद्धालुओं के लिए महाभंडारे का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में शहर की कई प्रमुख सामाजिक और धार्मिक हस्तियों की भी उपस्थिति रही। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, ललित दास, गुंजन यादव, विनोद सिंह, सतबीर सिंह सोमू, कृतजीत सिंह रॉकी, सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा, कुलवंत सिंह बंटी, भूपिंदर सिंह, शिवशंकर सिंह, सन्नी सिंह, चंचल भाटिया और राजेश कुमार शर्मा समेत अन्य लोग शामिल रहे। आयोजन को सफल बनाने में श्री नीलकंठ महादेव संघ के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पंकज कुमार और अरविंद कुमार के साथ बालकृष्ण प्रसाद, जितेंद्र प्रसाद, अजीत कुमार, रणवीर मंडल, राजेश कुमार सिंह, मुनीम सिंह, राज सिंह, रविशंकर सिंह, विकास कुमार, मंजीत, राजू सानन, जयपाल भगत, गौरव सिंह, संतोष शर्मा, मनोज कुमार और विश्वजीत राय समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने व्यवस्था संभाली। श्री नीलकंठ महादेव संघ की दसवीं भजन संध्या ने श्रावण की दूसरी सोमवारी को जमशेदपुर के लिए यादगार बना दिया। संगीत, आस्था और सेवा के इस संगम में श्रद्धालुओं ने न केवल भजनों का आनंद लिया बल्कि महाभंडारे में प्रसाद ग्रहण कर धार्मिक आयोजन में अपनी सहभागिता भी दर्ज कराई।

इन्हें भी पढ़ें.