ताज़ा-ख़बर

झारखंड प्रशासनिक सेवा संघ की वार्षिक आमसभा 21 दिसंबर को रांची में, चुनाव और संशोधन पर होगा निर्णय

रिपोर्ट: VBN News Desk3 दिन पहलेझारखण्ड

रांची विश्वविद्यालय में जुटेंगे प्रशासनिक अधिकारी, संघ की नई कार्यकारिणी के गठन की तैयारी

झारखंड प्रशासनिक सेवा संघ की वार्षिक आमसभा 21 दिसंबर को रांची में, चुनाव और संशोधन पर होगा निर्णय

रांची : झारखंड प्रशासनिक सेवा संघ की वार्षिक आमसभा आगामी 21 दिसंबर को रांची विश्वविद्यालय के मोरहाबादी परिसर में पूर्वाह्न 11 बजे से आयोजित की जाएगी। इस आमसभा में संघ से जुड़े महत्वपूर्ण संगठनात्मक और प्रशासनिक विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। आमसभा के एजेंडे में संघ के बायलॉज में आवश्यक संशोधन, आय-व्यय विवरण की प्रस्तुति तथा नई कार्यकारिणी के गठन के लिए अध्यक्ष और महासचिव के चुनाव की प्रक्रिया शामिल है। इसके अतिरिक्त सदस्यों द्वारा प्रस्तुत सुझावों एवं अन्य समसामयिक मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी जिससे संघ के भविष्य की कार्ययोजना तय की जा सके। संघ के महासचिव राहुल कुमार ने जानकारी दी कि राज्य के विभिन्न जिलों में पदस्थापित झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारी इस बैठक में भाग लेंगे। उन्होंने सभी जिलों के उपायुक्तों से अनुरोध किया है कि वे अपने-अपने जिलों के पदाधिकारियों को आमसभा में शामिल होने की अनुमति प्रदान करें ताकि अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित हो सके। संघ की अध्यक्ष रंजिता हेंब्रम ने सभी सदस्यों से समय पर उपस्थित होकर आमसभा को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह बैठक संगठन की मजबूती, पारदर्शिता और भविष्य की दिशा तय करने के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इन्हें भी पढ़ें.