आज से झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र, महागठबंधन ने बनाई रणनीति
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में बैठक, जनहित, विकास और सदन की रणनीति पर हुआ मंथन

रांची। झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू होगा। सत्र से पहले बुधवार को रांची स्थित डॉ. श्रीकृष्ण लोक प्रशासन संस्थान में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में महागठबंधन के मंत्रियों और विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में आगामी विधानसभा सत्र की रणनीति, सरकार की प्राथमिकताओं और सदन में उठाए जाने वाले मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के बाद मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और महागठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई चर्चा में जनहित से जुड़े विषयों, विकास कार्यों और सरकार की प्राथमिकताओं पर मंथन किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही के संकल्प के साथ सदन में जाएगी तथा राज्य के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से रखेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए झारखंड को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।