ताज़ा-ख़बर

झमाझम बारिश से झारखंड तरबतर, किसानों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

रिपोर्ट: नूतन 2 दिन पहलेझारखण्ड

सरायकेला-खरसावां के नीमडीह में 131.4 मिमी सर्वाधिक वर्षा, रांची में 1 जून से अब तक 426.9 मिमी बारिश दर्ज

झमाझम बारिश से झारखंड तरबतर, किसानों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

रांची। राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में लगातार हो रही अच्छी बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। पर्याप्त वर्षा मिलने से धान रोपनी और खरीफ फसलों की बुआई में तेजी आने की उम्मीद है, जिससे इस बार बेहतर उत्पादन की संभावना जताई जा रही है।

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक 131.4 मिमी वर्षा सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह में दर्ज की गई। इसके अलावा चांडिल में 125.6 मिमी, राजमहल में 105 मिमी, बलूमाथ में 83 मिमी, गम्हरिया में 76.2 मिमी, बरही में 73.2 मिमी और कुरडेग में 46.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अन्य जिलों में भी अच्छी वर्षा हुई।

एक जून से 21 जुलाई तक के आंकड़ों के अनुसार रांची में 426.9 मिमी, चाईबासा में 431.4 मिमी, जमशेदपुर में 346.6 मिमी, डाल्टनगंज में 341.7 मिमी और बोकारो में 288.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

मंगलवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से हल्की बारिश होती रही, जिससे मौसम सुहावना बना रहा। राजधानी में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राज्य का सर्वाधिक तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस बहरागोड़ा में और सबसे कम 20.5 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया।

लगातार हो रही बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है और जलस्रोतों का जलस्तर भी सुधर रहा है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में मानसून की यही रफ्तार बनी रही तो खरीफ फसलों, विशेषकर धान की पैदावार बेहतर रहने की संभावना है। किसानों ने भी बारिश का स्वागत करते हुए खेतों में रोपनी और अन्य कृषि कार्य तेज कर दिए हैं।

इन्हें भी पढ़ें.