ताज़ा-ख़बर

काला बिल्ला लगाकर विरोध जता रहे झारखंड अनुसचिवीय कर्मचारी

रिपोर्ट: MANISH 12 घंटे पहलेझारखण्ड

12 से 17 अक्टूबर तक सांकेतिक विरोध, निष्पक्ष जांच और कानूनी प्रक्रिया के पालन की मांग

काला बिल्ला लगाकर विरोध जता रहे झारखंड अनुसचिवीय कर्मचारी

सरायकेला : झारखंड अनुसचिवीय कर्मचारी संघ के आह्वान पर जिले के कर्मचारी 12 से 17 अक्टूबर तक काला बिल्ला लगाकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान कर्मचारी अपने-अपने कार्यालयों में नियमित सरकारी कार्यों का निष्पादन करते हुए काला बिल्ला धारण कर अपनी मांगों के समर्थन में विरोध जता रहे हैं। संघ ने सभी जिला इकाइयों को निर्देश दिया है कि विरोध कार्यक्रम के दौरान सरकारी कामकाज बाधित नहीं होना चाहिए। संघ का कहना है कि उसका विरोध भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई से नहीं, बल्कि ट्रैप से संबंधित मामलों में निष्पक्षता, पारदर्शिता और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने को लेकर है। संघ के अनुसार किसी भी कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई से पहले शिकायत की सत्यता, उपलब्ध साक्ष्यों और घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। संघ ने मांग की है कि केवल संदेह, अस्पष्ट आरोप या दुर्भावनापूर्ण शिकायत के आधार पर किसी कर्मचारी को दोषी नहीं माना जाए। प्रत्येक मामले में तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर निर्णय लिया जाए ताकि निर्दोष कर्मचारियों के अधिकारों का हनन न हो और वास्तविक दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। संघ ने सरकारी कर्मचारियों के संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों की रक्षा करने तथा सेवा नियमों के अनुरूप कार्रवाई करने पर भी जोर दिया है। उसका कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में जवाबदेही तय करना जरूरी है लेकिन इसके साथ जांच प्रक्रिया का निष्पक्ष और पारदर्शी होना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। संघ ने स्पष्ट किया कि इस सांकेतिक विरोध का उद्देश्य भ्रष्टाचार के विरुद्ध निष्पक्ष कार्रवाई, कर्मचारियों के अधिकारों की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना है। काला बिल्ला लगाकर कर्मचारी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रख रहे हैं ताकि सरकारी कामकाज प्रभावित किए बिना संबंधित मुद्दों पर ध्यान आकर्षित किया जा सके।

इन्हें भी पढ़ें.