ताज़ा-ख़बर

अवैध शराब के तस्कर को ग्रामीणों ने पकड़कर बिजली के खंभे से बांधा, दो फरार

रिपोर्ट: नूतन 19 घंटे पहलेझारखण्ड

रातू के काटू गांव में ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपित की पिटाई की, पुलिस ने शराब की 15 पेटियां और तस्करी में इस्तेमाल वाहन जब्त किए

अवैध शराब के तस्कर को ग्रामीणों ने पकड़कर बिजली के खंभे से बांधा, दो फरार

रांची। रातू थाना क्षेत्र के काटू गांव में रविवार को अवैध शराब की तस्करी का मामला सामने आया। गांव में शराब की खेप लेकर पहुंचे तीन आरोपितों को ग्रामीणों ने पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान दो आरोपित मौके से फरार हो गए, जबकि एक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपित को बिजली के खंभे से बांध दिया और उसकी पिटाई की। बाद में उसे रातू पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पुलिस ने मौके से अवैध शराब की 15 पेटियां और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन जब्त किए हैं। पकड़े गए आरोपित की पहचान रांची के मोरहाबादी निवासी शंकर ठाकुर के रूप में हुई है।

गांव में शराब की आपूर्ति की सूचना पर सतर्क हुए ग्रामीण

जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों को सूचना मिली थी कि कुछ लोग शहर से अवैध शराब लाकर गांव में उसकी आपूर्ति करने वाले हैं। इसके बाद ग्रामीण सतर्क हो गए। जैसे ही शराब लेकर आरोपित गांव पहुंचे, ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ने के लिए दौड़ाया। ग्रामीणों की सक्रियता देखकर दो आरोपित भाग निकले, जबकि एक को पकड़ लिया गया।

पुलिस कर रही फरार आरोपितों की तलाश

रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो ने बताया कि ग्रामीण अवैध शराब के कारोबार को लेकर जागरूक हो गए हैं। तस्करों के गांव में पहुंचने की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी और उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान एक आरोपित पकड़ा गया, जबकि दो फरार हो गए।

थाना प्रभारी के अनुसार, पकड़े गए आरोपित से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब कहां से लाई जा रही थी और किन-किन ग्रामीण इलाकों में इसकी आपूर्ति की जाती थी। फरार आरोपितों की तलाश भी की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित अपने दोनों वाहन छोड़कर भाग गए, जिनमें शराब रखी हुई मिली। घटना के संबंध में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

इन्हें भी पढ़ें.