ताज़ा-ख़बर

झामुमो जिला कार्यसमिति की बैठक में संगठन विस्तार पर मंथन, अनुशासनहीन पदाधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई

रिपोर्ट: MANISH 2 घंटे पहलेझारखण्ड

प्रो. केपी सोरेन बोले- झामुमो की मजबूती ही जनता के विश्वास की गारंटी, कार्यकर्ताओं में भरेंगे नई ऊर्जा

झामुमो जिला कार्यसमिति की बैठक में संगठन विस्तार पर मंथन, अनुशासनहीन पदाधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई

राजनगर : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की सरायकेला-खरसावां जिला कार्यसमिति की एक दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक रविवार को राजनगर के बाघराईसाईं में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, आगामी राजनीतिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की रणनीति तय करने तथा पार्टी अनुशासन को और सख्ती से लागू करने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में वरिष्ठ झामुमो नेता प्रोफेसर केपी सोरेन का संबोधन कार्यकर्ताओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। प्रो. केपी सोरेन ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद ऐसे संगठनात्मक कार्यक्रमों में शामिल होना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जिला कार्यसमिति जैसी बैठकें केवल औपचारिकता नहीं बल्कि संगठन को नई दिशा और कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा देने का माध्यम हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे जनता की आकांक्षाओं और विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करें। उनके संबोधन पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार समर्थन व्यक्त किया। बैठक में मुख्य अतिथि एवं झारखंड सरकार के भू-राजस्व मंत्री दीपक बिरवा ने कहा कि जिला कमेटी संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में दिशोम गुरु शिबू सोरेन, शहीद निर्मल महतो एवं दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन से जुड़े कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिला अध्यक्ष शुभेंदु महतो ने संगठन में अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए स्पष्ट किया कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी प्रखंड अध्यक्षों को एक माह के भीतर बूथ कमेटियों का पुनर्गठन कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। साथ ही सोशल मीडिया पर पार्टी विरोधी या अमर्यादित टिप्पणी करने वालों तथा लगातार तीन बैठकों से बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उनका पद तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का निर्णय लिया गया। बैठक में यह भी तय किया गया कि 4 अगस्त को दिशोम गुरु शिबू सोरेन से संबंधित कार्यक्रम, 8 अगस्त को शहीद निर्मल महतो का शहादत दिवस तथा 15 अगस्त को पूर्व मंत्री रामदास सोरेन की पुण्यतिथि पर सभी प्रखंड कार्यालयों में श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया जाएगा। बैठक में खरसावां विधायक दशरथ गागराई, ईचागढ़ विधायक सबिता महतो, केंद्रीय सदस्य गणेश महाली, गणेश चौधरी, सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी, युवा मोर्चा अध्यक्ष भुगलु सोरेन सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़ें.