सरायकेला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी के मामले में पश्चिम बंगाल की चार महिलाएं गिरफ्तार
थाना प्रभारी विनय कुमार बोले- साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी, चारों आरोपियों को भेजा गया न्यायिक हिरासत

सरायकेला : थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह कार्रवाई सरायकेला थाना कांड संख्या-59/26, दिनांक 25 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 317(2) एवं 3(5) के अंतर्गत की गई। गिरफ्तार आरोपियों में मुन्नी मुदलियार (पति- भागीरथी मुदलियार), कंका मुदलियार (पति- मुन्ना मुदलियार), नारायण मुदलियार (पति- मुन्ना मुदलियार) तथा कनक विश्वास (पति- स्व. उत्तम विश्वास) शामिल हैं। सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के बंदेल बालिकात, थाना बंदेल छिन्सुरह के निवासी हैं। सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि मामले की जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर चारों आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस टीम ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद चारों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों का किसी अन्य आपराधिक घटना से भी संबंध है या नहीं। उन्होंने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।