गिरिडीह में मंत्री राधाकृष्णा किशोर की बड़ी समीक्षा बैठक, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर
राजस्व बढ़ाने और सुशासन को मजबूत करने के निर्देश, वाणिज्य-कर व योजना विभाग की कार्यप्रणाली की हुई गहन समीक्षा

गिरिडीह : झारखंड सरकार के वित्त, वाणिज्य-कर, योजना एवं विकास तथा संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्णा किशोर ने शनिवार को गिरिडीह परिसदन भवन में वाणिज्य-कर एवं योजना एवं विकास विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उनके गिरिडीह आगमन पर उपायुक्त रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। बैठक में गिरिडीह, हजारीबाग एवं देवघर जिलों के अधिकारियों के साथ विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान राजस्व संग्रह की प्रगति, कर प्रशासन की कार्यप्रणाली, विभागीय उपलब्धियां, योजनागत व्यय, लक्ष्य प्राप्ति, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आगामी कार्ययोजना पर बिंदुवार चर्चा की गई। समीक्षा के दौरान मंत्री राधाकृष्णा किशोर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचे। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, जवाबदेही और सतत निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। वाणिज्य-कर विभाग के अधिकारियों को संबोधित करते हुए मंत्री ने राजस्व संग्रह के निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में प्राप्त करने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कर प्रशासन को अधिक पारदर्शी, तकनीक आधारित एवं जनहितैषी बनाने पर बल देते हुए कहा कि करदाताओं को बेहतर, सरल और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों ने विभागवार प्रगति प्रतिवेदन एवं उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया। मंत्री ने प्रस्तुत आंकड़ों और योजनाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा लंबित कार्यों में तेजी लाने की बात कही। उन्होंने कहा कि बेहतर समन्वय, पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध कार्यशैली के माध्यम से ही राज्य के समग्र विकास एवं सुशासन के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। समीक्षा बैठक में गिरिडीह, हजारीबाग एवं देवघर के वरीय प्रशासनिक पदाधिकारी, वाणिज्य-कर विभाग के अधिकारी तथा योजना एवं विकास विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।