महंगाई के खिलाफ सरायकेला में झामुमो का प्रदर्शन, गैस कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर हमला
गरीबों का चूल्हा जलाना हुआ मुश्किल, बढ़ती महंगाई पर झामुमो ने उपायुक्त कार्यालय घेरा

सरायकेला : घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की लगातार बढ़ती कीमतों तथा महंगाई के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने गुरुवार को सरायकेला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, गैस सिलेंडर की कीमतों और आम लोगों पर बढ़ते आर्थिक बोझ को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लगातार महंगाई बढ़ने से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की परेशानी बढ़ गई है। सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि घरेलू गैस सिलेंडर से लेकर दैनिक उपयोग की वस्तुओं तक के दाम लगातार बढ़ रहे हैं जिससे गरीब परिवारों के लिए रसोई चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि छोटे दुकानदार, होटल संचालक, ठेला-खोमचा व्यवसायी और मजदूर वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। वहीं झामुमो नेता सह सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी ने केंद्र सरकार पर झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता के बुनियादी मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश की जा रही है, जबकि आम लोग महंगाई से परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कीमतों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो झामुमो सड़क से लेकर सदन तक व्यापक आंदोलन छेड़ेगी। प्रदर्शन में केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, जिला उपाध्यक्ष भुण्डा वेसरा, धरमु गोप, भोला मोहन्ति, उमेश भोल, अबिनाश कबी, सुधीर महतो, अमृत महतो, जगदीश महतो, वीरेंदर प्रधान, शम्भू आचर्य, डब्बा सोरेन, सन्नी सिंह, गुरुचरण मुखी और महिला नेत्री सुशीला ताती सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।