चंपई सोरेन पर झामुमो प्रवक्ता की टिप्पणी से मचा बवाल, भाजपा ने दी खुली चुनौती
झारखंड टाइगर का अपमान बर्दाश्त नहीं होगा, भाजपा ने झामुमो से मांगा जवाब

सरायकेला : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) प्रवक्ता कुणाल साड़ंगी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरायकेला विधायक चंपई सोरेन पर की गई टिप्पणी ने राजनीतिक माहौल गर्मा दिया है। भाजपा कार्यकर्ताओं में इस बयान को लेकर गहरा आक्रोश देखा गया। सोमवार को भाजपा जिला अध्यक्ष उदय सिंहदेव और विधायक प्रतिनिधि सनत कुमार आचार्या ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर झामुमो प्रवक्ता को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यह बयान न सिर्फ असंवेदनशील है बल्कि आदिवासी स्वाभिमान पर हमला है। भाजपा नेताओं ने कहा कि चंपई सोरेन ने अपने जीवन के साढ़े चार दशक जनता और झारखंड आंदोलन को समर्पित किए हैं। ऐसे व्यक्ति पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार कुणाल साड़ंगी जैसे हर चुनाव से पहले पार्टी बदलने वाले नेताओं को नहीं है। भाजपा जिला अध्यक्ष उदय सिंहदेव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन से पूछा कि क्या वरिष्ठ नेताओं का अपमान अब झामुमो की नीति बन गई है। नेताओं ने चेतावनी दी कि चंपई दा झारखंड की अस्मिता हैं उनका अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं विधायक प्रतिनिधि सनत कुमार आचार्या ने कुणाल साड़ंगी पर राजनीतिक अवसरवाद और व्यक्तिगत स्वार्थ से प्रेरित होकर बयानबाजी करने का आरोप लगाया और कहा कि जनता आने वाले चुनाव में इसका मुंहतोड़ जवाब देगी।