ताज़ा-ख़बर

अपराधियों पर कपाली ओपी की सख्ती जारी, लंबे समय से फरार 9 संगीन मामलों के आरोपी को पुलिस ने दबोचा

रिपोर्ट: MANISH 7 घंटे पहलेअपराध

कपाली ओपी पुलिस को बड़ी सफलता, 18 महीने से फरार चाकूबाजी सहित 9 पुराने कांडों वाला आरोपी भेजा गया जेल

अपराधियों पर कपाली ओपी की सख्ती जारी, लंबे समय से फरार 9 संगीन मामलों के आरोपी को पुलिस ने दबोचा

चांडिल : कपाली ओपी पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। चांडिल थाना (कपाली ओपी) कांड संख्या 262/24, दिनांक 10 दिसंबर 2024 में नामजद अभियुक्त सबीर अली उर्फ सोनू उर्फ सन्नु बच्चा को करीब 18 महीने बाद पुलिस ने दबोचने में सफलता हासिल की है। आरोपी कपाली के ताजनगर क्षेत्र का निवासी बताया गया है। जानकारी के अनुसार यह मामला कपाली निवासी नाजिश जिया के लिखित आवेदन पर दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया था कि सबीर अली समेत चार लोगों ने मिलकर वादी पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने बताया कि फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और तकनीकी निगरानी की जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ जमशेदपुर और सरायकेला जिले के विभिन्न थानों में पूर्व से नौ अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी कई गंभीर मामलों में भी संलिप्त रहा है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए जेल भेज दिया गया। कपाली ओपी पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

इन्हें भी पढ़ें.