ताज़ा-ख़बर

केपी सोरेन ने रतिलाल महतो को दी श्रद्धांजलि, बोले - मजदूर आंदोलन को फिर देंगे नई मजबूती

रिपोर्ट: MANISH 18 घंटे पहलेझारखण्ड

रतिलाल महतो की 27वीं पुण्यतिथि पर केपी सोरेन का संकल्प,अधूरे सपनों को पूरा करना हमारी जिम्मेदारी

केपी सोरेन ने रतिलाल महतो को दी श्रद्धांजलि, बोले - मजदूर आंदोलन को फिर देंगे नई मजबूती

गम्हरिया : झारखंड आंदोलन के अग्रणी नायक एवं प्रख्यात मजदूर नेता रतिलाल महतो की 27वीं पुण्यतिथि पर सोमवार को गम्हरिया के ऊपरबेड़ा स्थित उनके समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता केपी सोरेन ने बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ रतिलाल महतो को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके योगदान को याद किया। इस अवसर पर केपी सोरेन ने कहा कि रतिलाल महतो ने झारखंड आंदोलन और मजदूर हितों की लड़ाई को नई दिशा देने का ऐतिहासिक कार्य किया था। उन्होंने कहा कि उनका संघर्ष और विचार आज भी लाखों मजदूरों और युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि रतिलाल महतो के निधन के बाद मजदूर आंदोलन में जो शून्यता आई है उसे भरने का प्रयास किया जाएगा। केपी सोरेन ने वर्तमान समय में बढ़ते मजदूर शोषण, अस्थायी रोजगार और बेरोजगारी को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक जनआंदोलन की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि झामुमो मजदूरों की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है और उनके हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही रतिलाल महतो के परिजनों से मुलाकात कर मजदूर आंदोलन की नई रूपरेखा तैयार की जाएगी। साथ ही उनके अधूरे सपनों को साकार करने के लिए संगठन स्तर पर व्यापक अभियान चलाया जाएगा, ताकि मजदूरों को उनका अधिकार और सम्मान मिल सके। श्रद्धांजलि सभा में मौजूद लोगों ने भी रतिलाल महतो के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने और झारखंड तथा मजदूर हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में झामुमो कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की सहभागिता रही।

इन्हें भी पढ़ें.