सिंगरा के टिकुलिया क्षेत्र में आधुनिक बस टर्मिनल बनाने को तलाशी जाएगी भूमि : महापौर
ट्रांसपोर्ट नगर, पुलिस स्टेडियम को सुविधायुक्त, आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम बनेगा

वाटर पार्क, श्मशान घाटों का जीर्णोद्धार, मॉडर्न टॉयलेट, आवारा कुत्तों के लिए शहर से बाहर केंद्र बनाने का निर्णय
मेदिनीनगर (पलामू) : महापौर अरुणा शंकर ने बोर्ड की छठी बैठक की अध्यक्षता करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। महापौर ने कहा कि मेयर कोटे की राशि से निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शहर के एकमात्र गौ सेवा केंद्र श्री गौशाला का जीर्णोद्धार किया जाएगा।
इसके अलावे नेशनल हाईवे के नजदीक सिंगरा के टिकुलिया क्षेत्र में आधुनिक बस टर्मिनल बनाने हेतु भूमि तलाशने की सहमति बनी। लेकिन इसके पहले वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर से आग्रह किया जाएगा। सरकार से बाजार समिति के 35 एकड़ खाली पड़ी भूमि में मात्र 10 एकड़ भूमि जनहित में निगम को उपलब्ध करा दी जाए। वहां बस टर्मिनल बनने से शहरवासियों को सुविधा व सुरक्षा दोनों मिलेगी।
महापौर अरुणा शंकर ने कहा कि बोर्ड ने बैरिया में 3.5 एकड़ निगम भूमि पर बाउंड्री वॉल, शौचालय, दूकान बनाकर फल व सब्जी थोक विक्रेता के लिए ट्रांसपोर्ट नगर बनाकर उपलब्ध कराएगा। महापौर ने कहा कि शहर में आवारा कुत्तों का कहर बढ़ता जा रहा है। इसके लिए एनिमल बर्थ सेंटर शहर के बाहर मंगरदाहा की ओर बनाने का निर्णय लिया गया।
महापौर ने कहा कि अभी निगम में कोई भी कार्य सफाई के अलावे नहीं किया जा रहा है। क्योंकि बोर्ड से पारित सारी बड़ी योजनाएं 16वें वित्त में पारित करने के लिए सरकार को भेजी जा चुकी है किंतु वहां लंबित है। यह किसी भी दिन पारित हो सकता है। इसके बाद निगम क्षेत्र के हर वार्ड में कई काम नजर आएंगे।
महापौर ने कहा कि नागरिक सुविधा से 10 लाख तक के काम हर वार्ड में करने के लिए बोर्ड से पारित किया गया है। इसे वार्ड पार्षद जरूरत के काम में खर्च करेंगे। इन कार्यों की संविदा एक सप्ताह के अंदर निकाल दी जाएगी। महापौर ने कहा कि पूरे शहर में स्ट्रीट लाइट मरम्मत व नया लगाने पर सहमति दे दी गई है। जल्द शहर रौशन होगा। महापौर ने कहा कि उन्होंने निगम क्षेत्र के अधीन सभी श्मशान घाटों व कब्रिस्तान के जीर्णोद्धार की सहमति पिछले बोर्ड में दे रखी है। इसका मॉडल एस्टीमेट तैयार होकर कार्य कराए जाएंगे। शहर के कई मुख्य आवागमन वाले स्थान पर 18 मॉडर्न टॉयलेट का निर्माण करने पर भी बैठक में सहमति दी गई है। महापौर ने कहा कि स्थानीय पुलिस स्टेडियम, चौक चौराहा, ट्रैफिक लाइट आदि पर भी निगम खर्च करेगा। गोरहो नदी के समीप लगभग 25 एकड़ जीएम लैंड पर इको पार्क, आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम व वाटर पार्क का निर्माण करने का निर्णय लिया गया है। यह शहर के लिए एक बड़ा तोहफा होगा। मौके पर डिप्टी मेयर मनोहर सिंह, नगर आयुक्त रणजीत लाल सहित कई वार्ड कमिश्नर मौजूद थे।