ताज़ा-ख़बर

लातेहार पुलिस को बड़ी सफलता, 10 लाख का इनामी माओवादी जोनल कमांडर समेत दो उग्रवादी गिरफ्तार

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेझारखण्ड

पुलिस ने एरिया डोमिनेशन और सर्च ऑपरेशन चलाया, माओवादी संगठन की सप्लाई चेन बाधित कर दी गई।

लातेहार पुलिस को बड़ी सफलता, 10 लाख का इनामी माओवादी जोनल कमांडर समेत दो उग्रवादी गिरफ्तार

लातेहार।लातेहार पुलिस को उग्रवाद विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने छिपादोहर थाना क्षेत्र से प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के 10 लाख रुपये के इनामी जोनल कमांडर मृत्युंजय भूईयां उर्फ फ्रेश भूईयां उर्फ दिलीप उर्फ प्रताप उर्फ अवधेश जी तथा संगठन के सदस्य बबलु राम उर्फ रोहित उर्फ बबलु चंद्रवंशी को गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी।पुलिस अधीक्षक को लगातार सूचना मिल रही थी कि जोनल कमांडर मृत्युंजय भूईयां अपने दस्ता सदस्यों के साथ नेतरहाट, महुआडांड़, बारेसांढ़, गारू एवं छिपादोहर क्षेत्र में सक्रिय हैं। इसके बाद लातेहार जिले में विशेष अभियान, एरिया डोमिनेशन तथा सर्च ऑपरेशन चलाया गया। लगातार अभियान चलने से माओवादी संगठन की सप्लाई चेन बाधित हो गई, जिससे उग्रवादियों को दैनिक उपयोग की वस्तुएं एवं राशन उपलब्ध कराने में कठिनाई होने लगी।इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक को 12 मार्च को गुप्त सूचना मिली कि जोनल कमांडर मृत्युंजय भूईयां छिपादोहर थाना क्षेत्र के हरिणामाड़ गांव में आवश्यक सामान लेने आने वाला है। सूचना के आधार पर छिपादोहर और गारू थाना पुलिस सहित अन्य सशस्त्र बलों की संयुक्त टीम का गठन कर क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन, कॉर्डन और सर्च अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान दोनों उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया गया।पकड़े गए मृत्युंजय भूईयां पर झारखंड पुलिस ने 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। उसके विरुद्ध लातेहार, पलामू, गढ़वा तथा छत्तीसगढ़ राज्य में कुल 104 मामले दर्ज हैं। वहीं बबलु राम पर 2 लाख रुपये का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ लातेहार, पलामू व गढ़वा जिले में कुल 15 मामले दर्ज हैं।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक AK-47 राइफल, मैगजीन एवं छह जिंदा गोलियां, इंसास राइफल की 15 गोलियां, वायरलेस सेट, 1.50 लाख रुपये नकद, माओवादी संगठन के पर्चे, सैमसंग टैब, चार सिम कार्ड, मेमोरी कार्ड, रेडियो, घड़ी और पॉकेट डायरी समेत कई सामान बरामद किए हैं।इस अभियान में छिपादोहर, गारू, बारेसांढ़, महुआडांड़, मनिका और नेतरहाट थाना के पुलिस पदाधिकारी तथा आईआरबी के सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने इसे उग्रवाद के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है।

इन्हें भी पढ़ें.