ताज़ा-ख़बर

आर्मी जवान पर जानलेवा हमला, शराब नहीं देने पर नकदी और सोने की चेन लूटने का आरोप

रिपोर्ट: MANISH 3 घंटे पहलेझारखण्ड

गम्हरिया में दिनदहाड़े वारदात, सिर फोड़कर घायल किया गया सेना का जवान

आर्मी जवान पर जानलेवा हमला, शराब नहीं देने पर नकदी और सोने की चेन लूटने का आरोप

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में एक सेना के जवान पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल जवान संतोष राय ने गम्हरिया थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए अभिषेक उर्फ गांधी और दिनेश नामक दो युवकों पर मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार 11 जून 2026 को दोपहर करीब दो बजे संतोष राय बोलाईडीह रोड नंबर-13बी से गम्हरिया बाजार जा रहे थे। इसी दौरान रोड नंबर-10 स्थित अभिषेक उर्फ गांधी के घर के समीप कार संख्या जेएच10एजे-4150 से पहुंचे अभिषेक उर्फ गांधी और दिनेश ने उनसे आर्मी कैंटीन की शराब की मांग की। जवान द्वारा शराब उपलब्ध कराने में असमर्थता जताने पर दोनों कथित रूप से आक्रोशित हो गए। आरोप है कि अभिषेक ने संतोष राय की शर्ट की जेब से बारह हजार (12000) रुपये निकाल लिए। विरोध करने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान दिनेश ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली। शिकायत के अनुसार विरोध जारी रखने पर दिनेश ने लाठी-डंडे से हमला किया जबकि अभिषेक ने देशी पिस्तौल जैसी दिखने वाली लोहे की वस्तु से उनके माथे पर वार कर दिया। हमले में संतोष राय का सिर गंभीर रूप से फट गया और वह मौके पर ही बेहोश हो गए। घायल जवान को उपचार के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। मामले को लेकर गम्हरिया थाना पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

इन्हें भी पढ़ें.