आदित्यपुर नगर निगम में मृत्यु प्रमाण पत्र शाखा पर घमासान, निष्पक्ष जांच की मांग लेकर डीसी-एसपी से मिले युवा जनशक्ति मोर्चा
रिश्वत मांगने के आरोप और जातिसूचक टिप्पणी के केस से बढ़ा विवाद, आंदोलन की चेतावनी

सरायकेला : आदित्यपुर नगर निगम की जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र शाखा को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। युवा जनशक्ति मोर्चा के अध्यक्ष अभय झा और दिव्यांशु झा ने इस मामले को लेकर सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह तथा पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। युवा जनशक्ति मोर्चा की ओर से आरोप लगाया गया है कि मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में चार हजार रुपये की मांग किए जाने संबंधी शिकायत प्रशासन के समक्ष रखी गई थी। इसके बावजूद मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की गई और संबंधित कर्मी को बिना समुचित जांच के क्लीन चिट दे दी गई। संगठन का कहना है कि इससे आम लोगों के बीच गलत संदेश जा रहा है तथा सरकारी व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं दूसरी ओर नगर निगम के संविदा कर्मी रविंद्र राम ने अभय झा और दिव्यांशु झा के खिलाफ जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए संबंधित थाना में मामला दर्ज कराया है। इस घटनाक्रम के बाद मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है तथा दोनों पक्ष अपने-अपने आरोपों पर कायम हैं। अभय झा ने कहा कि संगठन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं बल्कि सत्य सामने लाने और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की स्वतंत्र एजेंसी या निष्पक्ष अधिकारियों से जांच कराने की मांग की। साथ ही दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई करने की भी अपील की। युवा जनशक्ति मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगा। इधर इस पूरे विवाद को लेकर आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज है और लोगों की निगाहें अब जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।