ट्रैफिक जवानों को गर्मी से राहत, एसपी निधि द्विवेदी ने वितरित किए बैटरी संचालित कूलिंग जैकेट
पुलिसकर्मियों की सुविधा पर विशेष पहल, थानों व पुलिस केंद्रों में भी पंखे और कूलर उपलब्ध कराए गए

सरायकेला : भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच सड़क पर घंटों ड्यूटी करने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को राहत देने के लिए सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर यातायात व्यवस्था में तैनात जवानों को बैटरी संचालित कूलिंग जैकेट उपलब्ध कराए गए हैं। शुक्रवार को प्रथम चरण में यातायात थाना में प्रतिनियुक्त तीन पुलिस पदाधिकारियों एवं तीन आरक्षियों सहित कुल छह जवानों के बीच इन विशेष जैकेटों का वितरण किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भीषण गर्मी और उमस भरे मौसम में ट्रैफिक जवानों को लंबे समय तक सड़क पर खड़े रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना पड़ता है। ऐसे में कूलिंग जैकेट उन्हें गर्मी से राहत देने के साथ-साथ उनकी कार्यक्षमता बनाए रखने में भी सहायक साबित होंगे। जैकेट में लगी रिचार्जेबल बैटरी एक बार चार्ज होने पर लगभग छह घंटे तक काम करती है। इसके अलावा जिला पुलिस द्वारा विभिन्न थाना, ओपी, कार्यालय एवं पुलिस केंद्रों में तैनात पुलिसकर्मियों की सुविधा के लिए भी व्यापक व्यवस्था की गई है। गर्मी से राहत प्रदान करने हेतु 26 सीलिंग पंखे, 45 स्टैंड पंखे, 7 कूलर तथा 2 दीवार पंखों का वितरण किया गया है। जवानों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में यह सुविधा उनके लिए काफी उपयोगी साबित होगी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि भविष्य में भी पुलिसकर्मियों की समस्याओं के समाधान और कार्यस्थल की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए ऐसे प्रयास लगातार जारी रहेंगे।