ताज़ा-ख़बर

हरिओम नगर की 50 साल पुरानी सड़क-नाली समस्या को लेकर उपायुक्त से मिले स्थानीय लोग, पार्षद नीतू शर्मा ने उठाई बाधा दूर कराने की मांग

रिपोर्ट: MANISH 1 घंटे पहलेझारखण्ड

रोड नंबर 5बी में जर्जर सड़क, जलजमाव और नाली का संकट, दो बार टेंडर के बावजूद काम अधूरा, आवास बोर्ड के हस्तक्षेप का आरोप

हरिओम नगर की 50 साल पुरानी सड़क-नाली समस्या को लेकर उपायुक्त से मिले स्थानीय लोग, पार्षद नीतू शर्मा ने उठाई बाधा दूर कराने की मांग

आदित्यपुर : नगर निगम के वार्ड संख्या-17 स्थित हरिओम नगर रोड नंबर 5B की सड़क, नाली और जलनिकासी की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल पार्षद नीतू शर्मा के साथ शुक्रवार को सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह से मिलने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को सामूहिक मांग-पत्र सौंपकर बंपू जनरल स्टोर से टुनटुन राय हाउस तक सड़क एवं नाली निर्माण में आ रही कथित बाधा को दूर कराकर कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की। मांग-पत्र में स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में करीब 50 वर्षों से सड़क और नाली निर्माण की समस्या बनी हुई है। वर्तमान में सड़क जर्जर और कीचड़युक्त है। बरसात के दौरान जलजमाव और गंदे पानी के कारण बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों, विद्यार्थियों और मरीजों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों के अनुसार उक्त सड़क एवं नाली निर्माण के लिए पूर्व में दो बार टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन झारखंड राज्य आवास बोर्ड के कथित हस्तक्षेप के कारण निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ सका। मांग-पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि नगर निगम द्वारा क्षेत्र में मास्ट लाइट लगाने के कार्य में भी बाधा उत्पन्न हुई। पार्षद नीतू शर्मा ने कहा कि वार्ड-17 के इस हिस्से में रहने वाले लोगों की समस्या वर्षों पुरानी है। उन्होंने कहा कि लोगों ने अपनी समस्या लेकर उपायुक्त से गुहार लगाई है। सड़क, नाली और जलनिकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए क्षेत्रवासियों को इतने लंबे समय तक इंतजार नहीं करना चाहिए। संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर बाधा दूर कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर जलजमाव और नाली के अभाव से जनस्वास्थ्य एवं आवागमन दोनों प्रभावित हो रहे हैं। पार्षद ने उपायुक्त से स्थल निरीक्षण कराकर निर्माण कार्य की समय-सीमा निर्धारित कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व में हुई दोनों टेंडर प्रक्रियाओं की जांच, पक्की नाली एवं जलनिकासी व्यवस्था तथा मास्ट लाइट का कार्य निर्बाध रूप से पूरा कराने की भी मांग की है। आवेदन में संबंधित अधिकारियों के समन्वय से मामले का समाधान कराने का आग्रह किया गया है।

इन्हें भी पढ़ें.